रिपोर्ट शोभित अवस्थी

हरदोई में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का ऐसा खेल पकड़ा गया, जिसने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। वेणी माधव इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में आगरा के डौकी थाना क्षेत्र निवासी अभ्यर्थी रोहित पथौरी को पुलिस ने संदिग्ध हालत में पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस भर्ती परीक्षा की बुकलेट बरामद हुई, जिसके बाद पूरे परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए।

आरोपी ने बताया कि वह एक दिन पहले परीक्षा खत्म होने के बाद यह कहकर सेंटर में घुस गया था कि उसका प्रवेश पत्र अंदर छूट गया है। इसी दौरान उसने पानी की टंकी के नीचे मोबाइल फोन और होमगार्ड भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र छिपा दिया। अगले दिन परीक्षा के दौरान मौका मिलते ही उसने मोबाइल निकालकर बाथरूम में छिपा दिया और प्रश्न पत्र अपने पास रख लिया। करीब सवा ग्यारह बजे जब वह बाथरूम की ओर गया तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों को उस पर शक हुआ। तलाशी में पुलिस भर्ती का प्रश्न पत्र बरामद होते ही अफरा-तफरी मच गई।

आनन-फानन में परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारी मौके पर पहुंचे और सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद आरोपी ने बाथरूम में छिपाया गया मोबाइल भी बरामद करा दिया। इस घटना ने सरकार के नकलमुक्त परीक्षा के दावों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इसके पीछे कोई गिरोह सक्रिय था या नहीं।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने