बलरामपुर- जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी बलरामपुर  तनुज त्रिपाठी ने अवगत कराया है कि निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार “दिव्यांगजन के सर्वांगीण पुनर्वास हेतु स्वैच्छिक संस्थाओं को सहायता योजना” के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु अनुदान प्रस्ताव जमा करने की समय-सीमा का विस्तार कर दिया गया है। इच्छुक एवं पात्र स्वैच्छिक संस्थाएं अपने आवेदन पत्र एवं समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए दिनांक 15 जून, 2026 तक कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन परिसर, बलरामपुर में जमा कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसी क्रम में प्रत्येक वर्ष की भांति दिनांक 03 दिसम्बर को आयोजित होने वाले विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रदान किए जाने वाले राज्य स्तरीय पुरस्कार-2026 हेतु भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी/स्वनियोजित दिव्यांगजन, दिव्यांगजन हेतु सर्वश्रेष्ठ नियोजक, सर्वश्रेष्ठ संस्था, प्रेरणास्रोत, पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाला सर्वश्रेष्ठ जिला, दिव्यांग खिलाड़ी, सृजनशील दिव्यांगजन, दिव्यांगजन अनुकूल वेबसाइट तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण हेतु कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी आदि शामिल हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी एवं संस्थाएं अपने आवेदन पत्र समस्त आवश्यक अभिलेखों सहित दिनांक 10 जुलाई, 2026 तक कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, कक्ष संख्या-05, विकास भवन, बलरामपुर में उपलब्ध करा सकते हैं, ताकि समयान्तर्गत आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने