जलालपुर, अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में मालीपुर थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक (एसआई) और सिपाही समेत पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मालीपुर थाने में तैनात एसआई अनुराग गौतम तथा हमराही सिपाही हिमांशु शेखर पाल मोटरसाइकिल से सुरहुरपुर से सलाहदीपुर की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर कटघर मूसा निवासी अविनाश (30 वर्ष) अपनी माता उषा देवी (55 वर्ष) तथा भांजी हिमांशी (11 वर्ष) को लेकर मोटरसाइकिल से मोहनपुर स्थित एक रिश्तेदार के यहां दाह संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
बताया जाता है कि आजनपारा गांव के समीप स्थित एक ईंट भट्ठे के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में एसआई अनुराग गौतम, सिपाही हिमांशु शेखर पाल, अविनाश, उषा देवी तथा हिमांशी को चोटें आई हैं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों की हालत का परीक्षण कर उपचार शुरू किया। सभी घायलों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know