कर्नलगंज, गोण्डा। कर्नलगंज-परसपुर मार्ग पर बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 8:15 बजे नचनी ब्रह्मचारी देवस्थान के पास हुआ, जहां दो बाईकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों की रफ्तार तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। एक युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल युवक का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
मृतक युवक की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। उसका रंग गोरा, कद औसत, आंख-नाक सामान्य, चेहरा लंबा व गोल तथा शरीर इकहरा लेकिन मजबूत है। युवक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को सीएचसी कर्नलगंज में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी सुमित सिंह अपने सहयोगी एसआई राजेश पाण्डेय एवं कांस्टेबल जीतेंद्र कुमार के साथ सीएचसी पहुंचे और मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुट गए। फिलहाल पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो या दिए गए हुलिये के आधार पर उसकी पहचान हो सके तो तत्काल कर्नलगंज पुलिस अथवा नजदीकी थाने को सूचना दें, ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक छोटी सी जानकारी किसी परिवार को उनके अपने तक पहुंचा सकती है। इसलिए इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की आवश्यकता है।


एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know