बलरामपुर - मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा अन्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही एवं बैठक में अनुपस्थित रहने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भूप सिंह एवं एएनएम विनीत मौर्य का वेतन रोकने के निर्देश अधीक्षक सीएचसी तुलसीपुर डॉ. सुजीत कुमार को दिए गए।
वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए एएनएम पूनम यादव एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सूरज कुमार की सराहना की गई तथा उन्हें सम्मानित किया गया।
बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों की खराब प्रगति पाए जाने पर एएनएम नीतू कुशवाहा को आभा कार्ड निर्माण में अपेक्षित प्रगति न होने के कारण कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। आयुष्मान कार्ड निर्माण में खराब प्रदर्शन के चलते प्रिया पाठक (सीएचओ, बनकटवा कला) तथा राजल सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुगा नगर का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त टीकाकरण कार्यक्रम में खराब प्रगति पाए जाने पर एएनएम सुनीता गौड़ (परसपुर करौंदा) का वेतन भी रोक दिया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान कार्यक्रमों की निगरानी एवं समीक्षा में अपेक्षित रुचि न लेने पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रियंका गुप्ता तथा बीसीपीएम अमरेंद्र सिंह का वेतन रोकने के निर्देश भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा दिए गए।
डॉ. रस्तोगी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ला, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा, सहायक शोध अधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, आलोक रंजन पांडे सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने