राजगढ़ अमीनपुर गौशाला में भ्रष्टाचार और अनियमितता चरम पर, मृत गोवंशों के नाम पर धन निकासी की शिकायत






गोण्डा। विकासखंड कटरा बाजार की ग्राम सभा राजगढ़ अमीनपुर स्थित गौशाला एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में है। गांव निवासी संतशरण पाठक पुत्र बलराम ने गौशाला संचालन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि गौशाला में आए दिन गोवंशों की मौत हो रही है। आरोप है कि कई मृत गोवंशों के नाम पर आज भी सरकारी धन का भुगतान जारी है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके पास लगभग 50 मृत गोवंशों के टैग की तस्वीरें मौजूद हैं, जो मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी किसी विभागीय जांच या निरीक्षण की सूचना मिलती है, तब आसपास के क्षेत्रों से गोवंश लाकर गौशाला में खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे वास्तविक स्थिति छिपाई जा सके। इससे गौशाला में दर्ज गोवंशों की संख्या और वास्तविक संख्या को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) सहित अन्य माध्यमों से उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत में गौशाला में दर्ज गोवंशों के टैग नंबर, मृत पशुओं का रिकॉर्ड, भुगतान विवरण तथा वर्तमान में मौजूद गोवंशों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि टैग नंबरों और अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो गौशाला संचालन में बड़े पैमाने पर व्याप्त भ्रष्टाचार व गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और संभावित जांच पर टिकी हैं।

1 टिप्पणियाँ

If you have any doubts, please let me know

  1. Rajgarh. Mauja amenpur gano Chauhan Purva gaushala me roj chara ke bina gau ki mirtu hoti hai or hamare gaon me Daadn pardhan hi bahut bura bewhar karte hai garbo ko koi bikas nhi hua hai inhe is pad se hato aap se binti hi

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने