बलरामपुर- पीएम स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद बलरामपुर में लोक कल्याण मेला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना से लाभान्वित पथ विक्रेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही विभिन्न चरणों के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रमाण पत्र तथा क्यूआर कोड का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से पथ विक्रेता अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं तथा उनकी आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बैंकों द्वारा लाभार्थियों को प्रथम चरण में 15 हजार रुपये,द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति एवं वितरण से संबंधित प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्यूआर कोड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर डूडा के परियोजना अधिकारी लालचंद मौर्या,डूडा प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह, सामुदायिक आयोजक देवेश कुमार तथा नगर पालिका परिषद के लिपिक राम नारायण यादव, महेंद्र कुमार, दीपक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मेले के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा इच्छुक व्यक्तियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया। साथ ही सरकार द्वारा संचालित अन्य योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों को सशक्त बनाने के प्रयासों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। इससे लाभार्थियों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और उनकी आजीविका को नई मजबूती मिलेगी।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know