बलरामपुर- जनपद बलरामपुर में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जिले के सभी 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेलों में कुल 1743 मरीजों का पंजीकरण कर उपचार किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, उपचार प्राप्त करने वालों में 851 पुरुष, 680 महिलाएं तथा 212 बच्चे शामिल रहे। मेलों में मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, मधुमेह (शुगर), टीबी, कुष्ठ रोग, नेत्र एवं दंत रोगों की जांच की गई। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों का टीकाकरण तथा परिवार नियोजन संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के दौरान लोगों को आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं दवा वितरण काउंटरों के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इसी क्रम में पुलिस लाइन बलरामपुर में विशेष हेल्थ कैंप एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know