बलरामपुर- माo मुख्यमंत्री जी उ० प्र० के निर्देशों के क्रम में जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में गठित विशेष टास्क फोर्स द्वारा तहसील स्तर पर निरंतर अभियान चलाकर अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
खनन निरीक्षक ने बताया है कि माह मई, 2026 में अब तक कुल 23 वाहनों पर कार्यवाही की जा चुकी है, जिनमें से 19 वाहनों से ₹7,08,560.00 का अर्थदण्ड जमा कराया गया है।
इसी क्रम में दिनांक 24.05.2026 को तहसील बलरामपुर क्षेत्र में अवैध मिट्टी परिवहन करते हुए 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। इनमें से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से ₹25,000 का अर्थदण्ड जमा कराया गया, जबकि दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाना ललिया की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया।
जनपद में अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिसमें तहसील स्तर पर संबंधित उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी (पुलिस) सदस्य नामित हैं। टास्क फोर्स द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर अवैध खनन/परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 22.05.2026 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी एवं नियमित प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।
जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु जिला प्रशासन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा आगे भी इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know