बलरामपुर- कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम किए जाने, यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने तथा ब्लैक स्पॉट स्थलों पर सुधारात्मक कार्रवाई किए जाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत संयुक्त रूप से कार्य करते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, स्पीड लिमिट साइन, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में नए ब्लैक स्पॉट के चिन्हांकन एवं पूर्व में चिन्हित स्थलों पर की गई सुधारात्मक कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यकतानुसार तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए जनपद में विशेष सघन जागरूकता अभियान चलाते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग एवं गलत दिशा में वाहन संचालन जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही लोगों को नियमों के पालन हेतु प्रेरित भी किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, प्रशिक्षु आईएएस शिवांश, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, अपर पुलिस अधीक्षक श्री विशाल पांडेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने