बलरामपुर- जनपद महोबा में दलित छात्रा के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और महामहिम राज्यपाल महोदया, उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बलरामपुर के माध्यम से सौंपा। कांग्रेसजनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, कठोरतम कानूनी कार्रवाई, पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा तथा समुचित आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि योगी सरकार कह रही है कि नारी शक्ति को आगे बढ़ाया जा रहा है और बेटियों को सम्मान दिया जा रहा है, लेकिन प्रदेश में बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि “योगी जी कहते हैं कि बेटियां निर्भय होकर जाएं, लेकिन आखिर बेटियां कहां जाएं? प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।”
वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने कहा कि महोबा की दलित बेटी के साथ बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया, लेकिन प्रदेश सरकार मौन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जौनपुर की एक छात्रा के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पर तीन दिनों तक दुष्कर्म जैसी घटना प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था का प्रमाण है। उत्तर प्रदेश जंगलराज का प्रदेश बन चुका है और सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ न्यायिक जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
उक्त अवसर पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मारकंडे मिश्र, राम शंकर भारती बाबा, विनय मिश्रा, डॉ राकेश तिवारी, भीष्म सिंह, विजय उपाध्याय, अफरोज खान, इबरार अहमद, विशाल कश्यप, अमेरिका कुरील, मो० जमील, इजहार हुसैन अधिवक्ता, राजेश कुमार पाण्डेय, गुरबचन, जिला मीडिया प्रभारी बृजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know