बलरामपुर -  राजमाता लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा कैंप कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी ने की।
उक्त अवसर पर कांग्रेसजनों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासिका थीं जिन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय एवं धार्मिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में अतुलनीय कार्य किए। उन्होंने गरीबों, जरूरतमंदों और असहाय लोगों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा देशभर में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं और सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण कराया।
जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन समाज सेवा, सुशासन और जनहित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव ऐसे महापुरुषों एवं महान विभूतियों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती रहेगी।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख राज बहादुर यादव ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की एक आदर्श शासिका थीं, जिन्होंने जनसेवा, न्यायप्रियता और लोककल्याण को अपने शासन का आधार बनाया। महिलाओं के सम्मान, गरीबों के उत्थान और धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके आदर्श आज भी समाज और राजनीति को नई दिशा देने की प्रेरणा देते हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर त्याग, सेवा, करुणा और सुशासन की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने अपने जीवन को जनता के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता उन्हें एक महान लोकनायिका बनाती है। आज उनकी जयंती पर हम सभी को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता, न्याय और सेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों की सेवा के लिए संकल्प लिया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उक्त  कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मौजूद  वरिष्ठ कांग्रेस नेता मारकंडे मिश्रा, राजेंद्र कुमार त्रिवेदी, राम बहादुर दुबे, धर्मेंद्र मिश्रा, सियाराम प्रधान, सुशील कुमार शुक्ला, रमाशंकर भारती बाबा, कल्पनाथ मिश्रा, विश्वनाथ यादव, दिलशाद हुसैन, मोहम्मद जमील, सूरज यादव, छैलू प्रसाद यादव, भूपेंद्र मिश्रा, पीयूष यादव, त्रिलोकी यादव, रामकुमार मिश्र, देवेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने