बलरामपुर- जनपद में खरीफ सीजन के दौरान सहकारी समितियों पर उर्वरक वितरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाने हेतु जिला प्रशासन एवं सहकारिता विभाग द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए विशेष मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला एवं मा० जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी द्वारा विकास खंड गैंडास बुजुर्ग के ग्राम ईटई रामपुर के 100 कृषकों को खाद प्राप्त किए जाने की तिथि एवं समय से संबंधित मैसेज भेजकर ऐप का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे किसानों को खाद प्राप्त करने हेतु समितियों पर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। अब कृषकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज एवं कॉल के माध्यम से खाद प्राप्ति की तिथि एवं समय की सूचना उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे भीड़ नियंत्रण के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि जनपद की 73 सहकारी समितियों पर समिति सदस्य कृषकों को इसी ऐप आधारित प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण किया जाएगा। सभी सदस्य कृषकों के रकबे एवं अन्य आवश्यक विवरण ऐप में फीड किए जा चुके हैं। सहकारिता विभाग द्वारा कृषकों को कार्ड भी वितरित कर दिए गए हैं, जिसके माध्यम से किसान केवल कार्ड दिखाकर निर्धारित समय पर खाद प्राप्त कर सकेंगे।
इस नई व्यवस्था से खाद वितरण प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध होगी तथा किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा एवं परेशानी से राहत मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा यह पहल कृषक हितों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल एवं स्मार्ट व्यवस्था के रूप में लागू की गई है, जिससे खाद वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस दौरान उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know