बाराबंकी जिले की जैदपुर नगर पंचायत में गुरुवार शाम बाबा आनंदेश्वर मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा काली माता और भगवान हनुमान की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के आयोजन से पहले निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

पावर हाउस प्रांगण स्थित बाबा आनंदेश्वर मंदिर से शुरू हुई यह कलश यात्रा जैदपुर थाना चौराहा पहुंची, जहां इसका भव्य स्वागत किया गया।

मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने साधु-संतों का माला पहनाकर स्वागत किया। जैदपुर नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि दाऊद अंसारी ने कलश यात्रा पर पुष्प वर्षा की। मंदिर कमेटी ने दाऊद अंसारी और जैदपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।

यह यात्रा मंदिर प्रांगण से होते हुए बीबीपुर स्थित दुर्गा माता मंदिर पहुंची। वहां विधिवत पूजन के बाद कलश यात्रा अपने गंतव्य स्थल पर संपन्न हुई, जहां काली माता और भगवान हनुमान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है।

कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति भजनों और गानों पर थिरकते हुए दिखाई दिए, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर सेवादार अर्जुन कश्यप, प्रमोद गोश्वमी, रामविलास वर्मा,नयन वर्मा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया था।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने