बबलू गर्ग ब्यूरो चीफ हिंदी संवाद न्यूज़

 गाजियाबाद के लोनी में अवैध कॉलोनियों और भूमाफियाओं के खिलाफ बड़े अभियान की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को लोनी तहसील में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अधिकारियों के साथ अवैध कब्जों, प्रतिबंधित जमीनों पर निर्माण और शहर के अव्यवस्थित विकास को लेकर कड़ा रुख अपनाया। बैठक के बाद संकेत साफ हैं कि जल्द ही लोनी में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई होगी। साथ ही दोषियों के खिलाफ भी कठोर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

*तहसील में हुई उच्चस्तरीय बैठक, दिए सख्त निर्देश*:
लोनी तहसील में एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास, सुंदरीकरण, यातायात व्यवस्था और अवैध कब्जों को हटाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही विधायक  नंदकिशोर गुर्जर ने एनएचएआई को पावी में देहरादून एक्सप्रेस वे के नीचे जलभराव की समस्या को तत्काल दूर करते हुए सीसी रोड़ निर्माण के लिए निर्देशित किया जिस पर जल्द निर्माण के लिए एनएचएआई ने हामी भरते हुए कहा जल्द जलभराव की समस्या दूर हो जाएगी।

*देहरादून एक्सप्रेस वे के सर्विस लेन से कराया जाएगा कब्जों को खाली*:

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने बताया कि दिल्ली-देहरादून मार्ग पर गढ़ी कटैया कट से पुस्ता चौकी तक सर्विस लेन पर प्रॉपर्टी डीलरों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं। इन कब्जों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

*प्रतिबंधित और सरकारी जमीनों पर निर्माण होंगे खाली, दोषियों पर दर्ज होंगे मुकदमें*:

बैठक में यह भी मुद्दा उठा कि राधा स्वामी सत्संग व्यास के पास सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिबंधित भूमि पर भी अवैध निर्माण किए गए हैं। वहीं इलाइचीपुर, संपर्क क्षेत्र में शत्रु संपत्ति पर भी भूमाफियाओं के कब्जे की शिकायत सामने आई।

*अवैध कॉलोनियों से बिगड़ रहा विकास, नियोजित शहर की संकल्पना को हो रहा है नुकसान*:

विधायक ने चिंता जताई कि लोनी में तेजी से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। इससे शहर का नियोजित विकास बाधित हो रहा है और सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिना मानकों के विकसित हो रही कॉलोनियां भविष्य में बड़ी समस्या बन सकती हैं।

भूमाफिया एक्ट में होगी कार्रवाई

प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ने साफ कहा कि जो प्रॉपर्टी डीलर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे हैं, उनके खिलाफ भूमाफिया एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। अवैध निर्माणों को चिन्हित करने के लिए विभागीय टीमें गठित कर दी गई हैं। विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि इस अभियान से लोनी में जाम, गंदगी और अव्यवस्थित विकास जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि सरकारी और प्रतिबंधित जमीनों पर कब्जा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

*कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद, कहा सख्ती से होगी कार्यवाही*:

बैठक में एसडीएम लोनी, जीडीए के जोनल अधिकारी, एनएचएआई के अधिकारी, नगरपालिका के अधिकारी, और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान को लेकर समन्वय बनाकर कार्रवाई करने की बात कही।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने