बलरामपुर- आज दिनांक 15.05.2026 को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक विशल पाण्डेय द्वारा जनपद में अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी कर त्वरित कार्यवाही करने आदि के दृष्टिगत पुलिस कार्यालय बलरामपुर में की गई गोष्ठी।
इस गोष्ठी में विभिन्न बिन्दुओं जैसे- आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ एवं शराब तस्करी पर रोकथाम, अवैध हथियारों की तस्करी की निगरानी तथा इंडो-नेपाल बॉर्डर पर संयुक्त कॉम्बिंग, पेट्रोलिंग एवं सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जनपद की सीमाओं पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की गहन जांच करने पर विशेष निर्देश दिए गये।
वर्ष 2025-26 में पंजीकृत नकबजनी, वाहन चोरी, झपटमारी एवं अन्य चोरी की घटनाओं की थाना, चौकी एवं विवेचकवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र अनावरण हेतु विशेष टीम गठित करने, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस एवं मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग कर सीसीटीएनएस पोर्टल पर लंबित विवेचनाओं एवं पार्ट पीआई प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अपहरण संबंधी मामलों में पीड़ितों की शीघ्र बरामदगी हेतु सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने, हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों की सतत निगरानी रखने तथा आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही सीसीटीएनएस के अंतर्गत चिन्हित 15 प्रमुख अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा भी की गई।
यक्ष ऐप एवं आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, डेटा अपडेट एवं शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में गिरफ्तारी मेमो को पूर्ण एवं सही ढंग से भरने तथा गिरफ्तारी से संबंधित समस्त वैधानिक प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग तथा जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर _क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती ज्योतिश्री, क्षेत्राधिकारी ललिया डी0 के0 श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी यातायात वीर सेन सिंह ,क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर/लाइंस डॉ0 जितेन्द्र कुमार एवं समस्त थाना प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक व शाखा प्रभारी तथा कार्यलयों के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know