बलरामपुर- सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया गया है कि माननीय मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित मुकदमों के त्वरित एवं शांतिपूर्ण निस्तारण हेतु दिनांक 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को माननीय उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में “समाधान समारोह-2026” अभियान का शुभारंभ दिनांक 21 अप्रैल 2026 से किया जा चुका है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आपसी सुलह-समझौते एवं संवाद के माध्यम से लंबित वादों का स्थायी समाधान कराना है, जिससे पक्षकारों के समय एवं धन दोनों की बचत हो सके तथा न्याय सुलभ एवं सरल रूप में प्राप्त हो।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर द्वारा बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति का सिविल, पारिवारिक, वित्तीय अथवा अन्य शमनीय प्रकृति का कोई वाद माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित है, तो वह इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठाते हुए अपने प्रकरण के निस्तारण हेतु कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर से संपर्क कर सकता है।
इसके अतिरिक्त माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा मध्यस्थता के लिए उपयुक्त लंबित वादों की सूची माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद को प्रेषित की गई है, जिसे संबंधित जनपद न्यायालयों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इन वादों में सुलह-समझौते की संभावनाएं तलाशने हेतु जनपद न्यायालयों में माननीय जनपद न्यायाधीश, बलरामपुर द्वारा विशेष पीठ का गठन किया गया है। संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजकर आपसी सहमति से विवादों के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
पक्षकारों की सहमति के आधार पर ऐसे मामलों का अंतिम निस्तारण दिनांक 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को माननीय उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली में किया जाएगा।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know