जलालपुर,अम्बेडकर नगर। शिक्षा में अनुशासन, नियमितता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए एक स्थानीय विद्यालय ने अनूठी मिसाल पेश की। शनिवार को विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में पूरे शैक्षिक सत्र में 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले कक्षा 8 तक के सभी मेधावी छात्रों को साइकिल देकर सम्मानित किया गया।
साइकिल पाकर बच्चों में अपार उत्साह
कार्यक्रम के दौरान एलकेजी से लेकर कक्षा 8 तक के नियमित विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। सम्मान पाते ही बच्चों के चेहरे खुशी से दमक उठे। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की जमकर सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
विद्यालय प्रबंधक ने कहा- नियमितता ही सफलता की कुंजी
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधक हर्षवर्धन सिंह ने कहा, "नियमित विद्यालय आने वाले छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन और समयपालन जैसे गुण स्वतः विकसित होते हैं। आज के दौर में बच्चों को केवल किताबों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है।" उन्होंने कहा कि साइकिल देकर बच्चों को आत्मनिर्भर, स्वस्थ और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
साइकिल से आने का दिया आह्वान
प्रबंधक ने छात्रों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक बच्चे साइकिल से विद्यालय आएं। इससे न सिर्फ सेहत बेहतर रहेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण भी होगा और डीजल-पेट्रोल की बचत भी होगी।
अगले सत्र के लिए बड़ी घोषणा
विद्यालय प्रबंधक ने यह भी ऐलान किया कि अगले सत्र में कक्षा 9 और 10 के 100% उपस्थिति वाले छात्रों को टैबलेट तथा कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को मनचाहे स्थान की शैक्षणिक यात्रा का अवसर दिया जाएगा।
इन छात्रों ने पाई साइकिल
सम्मानित होने वाले छात्रों में एलकेजी के अभय यादव, यूकेजी की आरजू वर्मा, कक्षा 1 के आरुष यादव, कक्षा 2 के अभय, कक्षा 3 की मानवी सिंह, कक्षा 4 के दर्पण वर्मा, कक्षा 5 के तेजस पटेल एवं अर्पित मिश्रा, कक्षा 6 के देव सिंह तथा कक्षा 7 की अर्पिता मिश्रा शामिल रहे।
शिक्षकों और अभिभावकों ने सराहा
शिक्षकों ने कहा कि नियमित उपस्थिति ही सफलता की पहली सीढ़ी है। अभिभावकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनमें प्रतिस्पर्धा और आगे बढ़ने की भावना भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और बच्चों के उत्साह से गूंज उठा।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know