स्मार्ट मीटर को लेकर व्यापारियों का फूटा गुस्सा, जबरन लगाने और बढ़े बिल पर बवाल
![]() |
| व्यापारियों को सम्बोधित करते उपाध्यक्ष देवेश मिश्र |
जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। कस्बे में स्मार्ट मीटर को लेकर व्यापारियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। बढ़े हुए बिजली बिल, अचानक सप्लाई कटने और जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में बुधवार देर शाम व्यापारियों ने तीखी बैठक कर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया।
उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले रात करीब 8 बजे महिला अस्पताल के सामने आयोजित बैठक में व्यापारियों ने बिजली विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जमकर नाराजगी जाहिर की। वक्ताओं ने कहा कि बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो सरासर गलत है।
जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने सीधे तौर पर नगर क्षेत्र के जेई अमित कुमार पर मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेई द्वारा बिजली काटने की धमकी देकर जबरन स्मार्ट मीटर लगवाए जा रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस पूरे मामले में उच्च अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष देवेश मिश्रा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न अब नहीं सहा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस पर रोक नहीं लगी तो व्यापारी सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे और आवाज सीधे शासन व ऊर्जा मंत्री तक पहुंचाई जाएगी।
बैठक में नगर पालिका के प्रस्तावित अतिक्रमण विरोधी अभियान का समर्थन भी किया गया, लेकिन साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के सामने की पटरी और फुटपाथ खाली रखें, ताकि प्रशासन को कार्रवाई का बहाना न मिले।
इसके अलावा निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि और कॉपी-किताब व ड्रेस को लेकर थोपे जा रहे नियमों पर भी व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया।
बैठक में दीपक तिवारी, आदित्य गोयल, प्रहलाद शर्मा, नंदलाल शर्मा, संदीप गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, सोनू गौड़,राज कपूर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Author
![]() |
| जीवन |


एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know