जलालपुर (अंबेडकरनगर)
क्षेत्र के अहियापुर वर्मा टोला नगपुर में एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान शिवांगी वर्मा (18 वर्ष), पुत्री स्वर्गीय बृजेश वर्मा के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवांगी अपने परिवार के साथ रहती थी और कक्षा 11 की छात्रा थी। पिता के निधन के बाद उसका पालन-पोषण उसकी मां के साए में हो रहा था। बताया जा रहा है कि वह दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी।घटना के दिन सुबह वह गेहूं काटने के लिए खेत गई थी और वापस घर लौटी। दोपहर करीब 1 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन घबराकर उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब आने वाली जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही दे पाएगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने