जलालपुर, अंबेडकरनगर: बकरीद के पर्व के ठीक एक दिन बाद शुक्रवार सुबह तमसा नदी में एक मृत गोवंश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना जलालपुर-बसखारी मार्ग स्थित पक्के पुल के नीचे की है। स्थानीय लोगों ने जैसे ही यह देखा, मौके पर भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही व्यापारी नेता आनंद जायसवाल और पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्र ने नगर पालिका व पुलिस को अवगत कराया। 
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता, क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव और नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी, लेखपाल धर्मेंद्र कुमार सिंह तथा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने मौके पर पहुँचकर जाँच शुरू कर दी।

डिप्टी सीवीओ डॉ. विनोद कुमार यादव ने शव का परीक्षण करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आकाशीय बिजली गिरने का प्रतीत होता है। एसडीएम राहुल गुप्ता ने भी पुष्टि करते हुए कहा, "प्रारंभिक जाँच में गोवंश की मौत आकाशीय विद्युत गिरने से होना सामने आया है।" उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूर्णतया सामान्य बताई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आकाशीय बिजली गिरने से मौत की पुष्टि हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जाँच करने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।

दूसरी घटना जलालपुर तहसील क्षेत्र के मंगुराडिला के पुरवा गणेशर गांव में हुई। गांव निवासी पवन यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे मौसम खराब होने लगा। उनके पिता अखिलेश ने उन्हें जगाया और बाहर बंधे मवेशियों को अंदर करने को कहा। पिता-पुत्र मिलकर मवेशियों को अंदर कर रहे थे। इसी दौरान एक मवेशी की रस्सी खोलते वक्त बिजली गिर गई। इस हादसे में मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई और अखिलेश गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें सीएचसी नगपुर ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है। इसी गांव में पवन के चाचा देवनारायण यादव के घर पर भी बिजली गिरने से इन्वर्टर, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गए। देवनारायण ने बताया कि गनीमत रही कि घटना के समय उनके परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे अन्यथा एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। एसडीएम राहुल गुप्ता ने बताया कि उन्होंने राजस्व टीम को घटना स्थल पर भेजकर नुकसान का आकलन करने और रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने