बलरामपुर-भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में बी.एड. सत्र 2025-2026 के अंतर्गत आयोजित 5 दिवसीय विशेष परिचयात्मक शिविर के तृतीय दिवस का कार्यक्रम आज एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज, बलरामपुर के बी.एड. विभाग में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व कोर्स लीडर इशरत सिद्दीकी (जिला संगठन आयुक्त, गाइड, गोरखपुर) एवं सिराजुल हक़ (जिला संगठन आयुक्त, स्काउट, बलरामपुर) द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विभागाध्यक्ष प्रो. राघवेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभागीय शिक्षकों डॉ. राम रहीश एवं के.के. मिश्र की भी सक्रिय सहभागिता रही।
तृतीय दिवस का शुभारंभ विधिवत उद्घाटन के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रशिक्षुओं के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं व्यावहारिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। आज के प्रमुख क्रियाकलापों में ध्वज शिष्टाचार, बुलबुल का घेरागीत, रिंग गीत, यातायात रैली, टेंट बनाना, पट्टी बनाना तथा स्काउट के आधारभूत इतिहास की जानकारी शामिल रही। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को व्यायाम, प्राथमिक उपचार, 16 दिशाओं का ज्ञान, कैंपफायर गीत, सहायता, सुरक्षा एवं बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और टीम भावना, अनुशासन एवं सेवा भाव का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि प्रो. राघवेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया तथा उन्हें समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया।
शिविर का वातावरण पूरे दिन उत्साह, ऊर्जा और सीखने की भावना से ओत-प्रोत रहा। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में भी इसी प्रकार के रोचक एवं उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

                  हिन्दी संवाद न्यूज से
                    रिपोर्टर वी. संघर्ष
                       बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने