जलालपुर ,अम्बेडकर नगर । रविवार का दिन जलालपुर के नरेंद्र देव इंटर कॉलेज के मैदान में हॉकी के दीवानों के लिए किसी पर्व से कम नहीं था। यहाँ अभिनव क्लब के तत्वावधान में चल रही अंतरराज्यीय महिला हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन मैदान में जबरदस्त उत्साह और खेल भावना की मिशाल देखने को मिली। समाजसेवी सुमित्रा त्रिपाठी ने मैदान में पहुँचकर सभी हॉकी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से परिचय जाना और उनका उत्साहवर्धन किया। उनके इस स्नेहिल भाव ने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। वहीं, मैच का रोमांच कई गुना बढ़ा दिया कुलवीर सिंह की धारदार और रोमांचक कमेंट्री ने। उनकी आवाज़ ने हर गोल और हर बचाव को जीवंत कर दिया।
सेमीफाइनल में कड़ी टक्कर और शानदार जीत
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले रोमांच के चरम पर रहे। पहले सेमीफाइनल में अयोध्या हॉस्टल और अभिनव क्लब के बीच प्रतिस्पर्धा देखते ही बन रही थी। दोनों टीमों ने जमकर पसीना बहाया, लेकिन अभिनव क्लब ने बेहतर टीमवर्क और आक्रामक रणनीति के दम पर यह मैच 2-0 से अपने नाम कर लिया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच एन.ई.आर. (NER) और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच खेला गया, जो कि एक थ्रिलर साबित हुआ। पहली पारी में दोनों टीमों ने कड़ा मुकाबला किया और मैच बराबरी पर छूट गया। हालाँकि, दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपनी पकड़ मजबूत करते हुए शानदार वापसी की और मैच को 2-1 से जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
अब नजरें फाइनल पर
सेमीफाइनल के इन रोमांचक मुकाबलों के बाद अब सबकी निगाहें रविवार की दोपहर बाद शाम 3.30 बजे को होने वाले फाइनल मैच पर टिक गई हैं। जहाँ एक तरफ अभिनव क्लब अपनी जीत के जोश में होगा, वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश पुलिस खिताब अपने नाम करने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी। फाइनल मुकाबले को लेकर जलालपुर और आसपास के इलाकों में हॉकी प्रेमियों में भारी उत्साह है। साफ है कि नरेंद्र देव इंटर कॉलेज का मैदान रविवार शाम को हॉकी के जादू का गवाह बनने को पूरी तरह तैयार है।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know