अंबेडकर नगर (जहांगीरगंज):  नगर पंचायत कार्यालय में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यापारी प्रतिनिधियों, सभासदों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर की बढ़ती समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता देवी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अधिशासी अभियंता उमेश पासी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत व्यापारियों से लिए जाने वाले शुल्कों को लेकर हुई। व्यापार मंडल अध्यक्ष डॉ. अनवर ने कहा कि नगर पंचायत के नवगठन के कारण लाइसेंस शुल्क, मकान शुल्क, ठेला एवं पटरी शुल्क को लेकर व्यापारियों में भ्रम और ऊहापोह की स्थिति है। उन्होंने अधिशासी अभियंता से इन शुल्कों की वसूली को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने की मांग की। इस प्रस्ताव को बैठक में उपस्थित सभी व्यापारी प्रतिनिधियों और सभासदों ने सर्वसम्मति से अनुमोदन दिया।

अधिशासी अभियंता उमेश पासी ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से लेते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पूरे बाजार में प्रत्येक दो दुकानों के बीच एक डस्टबिन रखा जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे कचरा घरों के सामने न डालकर केवल डस्टबिन में ही डालें।

बैठक में सड़क जाम की समस्या पर भी सख्त रुख अपनाया गया। अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी व्यापारी अपनी दुकान के सामने सड़क की पटरी को अवरुद्ध न करे। उन्होंने चेतावनी दी कि बहुत जल्द नगर पंचायत द्वारा विशेष अभियान चलाकर सड़क पटरी पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया जाएगा।

वरिष्ठ सभासद बाल गोविंद तिवारी ने भी बैठक में अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, शासन द्वारा हाल ही में मनोनीत किए गए तीन सभासदों का सभी ने फूल-मालाओं और बधाई देकर स्वागत किया।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता देवी, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, व्यापार मंडल अध्यक्ष डॉ. अनवर, महामंत्री रमेश गुप्ता, भगवती जायसवाल, संजय अग्रहरी, प्रदीप सिंह, युवा अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता, श्याम सुंदर सोनकर, सानू दुबे, सुनील दत्त मौर्य, वरिष्ठ सभासद बाल गोविंद त्रिपाठी, सभासद शशिकांत उर्फ मिकी दुबे, राजकुमार सेठ, बृजेश सिंह, महेंद्र गुप्ता, राहुल मिश्रा, सभासद संतराम, संतोष कुमार, हबीबुर रहमान, डॉ. दिलीप कुमार सहित बड़ी संख्या में सभासद एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने