“स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव” — डॉ राजेश्वर सिंह
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला, विधायक राजेश्वर सिंह ने बढ़ती NCDs पर जताई चिंता
सरोजनीनगर बन रहा उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य राजधानी — SGPGI से लेकर 900 बेड के नए मैक्स अस्पताल तक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
सकारात्मक सोच, संतुलित जीवनशैली और समय पर जांच ही गैर-संचारी रोगों से बचाव का प्रभावी उपाय
सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ द्वारा हेल्थ केयर ट्रस्ट के सहयोग से ‘पॉजिटिव थिंकिंग, हेल्दी लाइफ’ विषय पर एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सरोजनीनगर के विधायक डॉ राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ राष्ट्र की शुरुआत स्वस्थ नागरिकों से होती है। यदि हमें विकसित और सशक्त भारत का निर्माण करना है, तो स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।”
डॉ राजेश्वर सिंह ने बढ़ती गैर-संचारी बीमारियों (NCDs) पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि द लैंसेट की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 1990 में जहां इन बीमारियों का अनुपात 37% था, वहीं आज यह बढ़कर 60% से अधिक हो गया है। मधुमेह के मामलों में लगभग 150% की वृद्धि हुई है तथा हृदय संबंधी आधे से अधिक मृत्यु के मामले 70 वर्ष की आयु से पहले हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) के अनुसार वर्ष 2012 से 2030 के बीच भारत को NCDs के कारण लगभग 3.55 ट्रिलियन डॉलर का आर्थिक नुकसान हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी स्पष्ट किया है कि इन बीमारियों से उत्पादकता में कमी, उपचार खर्च में वृद्धि और दीर्घकालिक विकलांगता जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं, जो राष्ट्र की अर्थव्यवस्था पर गहरा प्रभाव डालती हैं।
डॉ सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर क्षेत्र में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI), लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, अपोलो हॉस्पिटल्स, मेदांता – द मेडिसिटी, वेलसन हॉस्पिटल, टेंडर पाम हॉस्पिटल तथा वृंदावन योजना में निर्माणाधीन 900 बेड के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल जैसे संस्थानों की उपस्थिति इस क्षेत्र को उत्तर प्रदेश की “स्वास्थ्य राजधानी” के रूप में स्थापित कर रही है। यह चिकित्सा क्षेत्र में बढ़ते निवेश और जनविश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बड़े अस्पतालों का निर्माण आवश्यक है, लेकिन वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है जब नागरिक बेहतर आदतें अपनाएं, नियमित व्यायाम करें, संतुलित आहार लें और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं।
इस अवसर पर मैक्स लखनऊ के निदेशक श्री प्रमित मिश्रा, हेल्थ केयर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सरित सिंह, डॉ देबज्योति धर, डॉ प्रीति शर्मा, श्री आशीष शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
डॉ राजेश्वर सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आयोजकों एवं प्रतिभागियों को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन का आह्वान किया।

.jpeg)

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know