बलरामपुर- मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर ने शैक्षणिक व्यवस्था के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए रिकॉर्ड समय में अपनी संपूर्ण प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं परीक्षा प्रणाली को विकसित, परीक्षित और पूर्ण रूप से संचालित कर दिया है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2025–26 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित कर बी.कॉम एवं बी.बी.ए. प्रथम सेमेस्टर का परिणाम भी रिकॉर्ड समय में घोषित कर दिया है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://result.mpublp.ac.in/MpuResult.aspx
पर परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
देवीपाटन मंडल के 182 महाविद्यालयों की सहभागिता के साथ आयोजित इस परीक्षा प्रक्रिया का इतनी तेजी से संपन्न होना विश्वविद्यालय की प्रशासनिक दक्षता, तकनीकी क्षमता और अकादमिक अनुशासन को दर्शाता है।
विश्वविद्यालय के विधिवत संचालन एवं कुलपति की नियुक्ति के मात्र 15 माह के कार्यकाल में ही सम्पूर्ण तंत्र का विकास, परीक्षण और क्रियान्वयन एक असाधारण उपलब्धि है।
शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत पीएचडी प्रवेश परीक्षा से हुई थी, जो अब परिणाम-घोषणा तक पहुँच चुकी है, जो विश्वविद्यालय की संस्थागत मजबूती और स्थायित्व का प्रमाण है।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर रवि शंकर सिंह ने कहा —
“रिकॉर्ड समय में विश्वविद्यालय की संपूर्ण कार्य प्रणाली का विकास, परीक्षण और मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन होना एक बड़ी संस्थागत उपलब्धि है। यह सिर्फ परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि एक मजबूत, पारदर्शी और आधुनिक शैक्षणिक तंत्र की स्थापना का प्रमाण है।”
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल परीक्षा कराना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी व्यवस्था और अकादमिक विश्वसनीयता के उच्चतम मानक स्थापित करना है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know