बलरामपुर - जनपद के सभी जिला स्तरीय चिकित्सालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कल से ऑनलाइन ओपीडी पर्चा बनाए जाने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने दी।
डॉ. रस्तोगी ने बताया कि ऑनलाइन ओपीडी पर्चा व्यवस्था लागू होने से मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी तथा पंजीकरण और उपचार प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और तेज होगी। अब मरीजों का इलाज डिजिटल रिकॉर्ड के माध्यम से होगा, जिससे दवाइयों, जांचों और फॉलोअप में भी सुविधा मिलेगी।
सीएमओ ने कहा कि इस नई व्यवस्था से मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड सुरक्षित रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर किसी भी समय उपलब्ध कराए जा सकेंगे। साथ ही चिकित्सकों को भी मरीज के पूर्व उपचार का विवरण देखने में आसानी होगी, जिससे बेहतर इलाज संभव हो सकेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी चिकित्सालयों के अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऑनलाइन ओपीडी पर्चा व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया जाए तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं और कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा बताया गया कि इस पहल से जनपद के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know