इण्टरनेशनल ओलम्पियाड में सी.एम.एस. शिक्षकों का प्रशंसनीय प्रदर्शन

लखनऊ, 19 फरवरी। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैम्पस के चार शिक्षकों सुश्री दीक्षा नेगी, सुश्री रुचि मिश्रा, सुश्री सुभि पाण्डेय एवं श्री सूफियान खान ने इण्टरनेशनल ए.आई. फॉर इनोवेटिव टीचिंग ओलम्पियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय गौरव बढ़ाया है, साथ ही अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शिक्षण प्रतिभा व प्रोफेशनल कौशल का परचम लहराया है। इस प्रतिष्ठित अन्तर्राष्ट्रीय ओलम्पियाड में सी.एम.एस. शिक्षकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 200 टीचर्स में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। ओलम्पियाड का आयोजन शैक्षिक संस्था ‘यूपी एजूकेटर्स’ के तत्वावधान में किया गया। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय ओलम्पियाड में भारत समेत कई देशों के हजारों शिक्षकों ने प्रतिभाग किया, जिसमें सी.एम.एस. शिक्षकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेन्स टूल, ए.आई. आधारित लेसन प्लानिंग, ए.आई. के नैतिक उपयोग समेत विभिन्न मानकों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेन्स के प्रभावी समावेशन का परिचय दिया है। सी.एम.एस. शिक्षिकों की यह उपलब्धि डिजिटल एजूकेशन के क्षेत्र में उनकी प्रतिबद्धता, दक्षता व विशेषज्ञता को प्रमाणित करने के साथ ही विद्यालय की अनूठी ‘ब्राडर एण्ड बोल्डर’ शिक्षण पद्धति की विशेषता को दर्शाती है।

सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने इस सफलता हेतु सी.एम.एस. शिक्षिकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने सी.एम.एस. शिक्षकों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सी.एम.एस. की तकनीकी एवं नवोन्मेषी शिक्षा की प्रतिबद्धता को प्रमाणित करती है। शिक्षकों को डिजिटल एजूकेशन के क्षेत्र में सशक्त बनाने एवं छात्रों को तकनीक आधारित भविष्योन्मुखी शिक्षा प्रदान करने में सी.एम.एस. अग्रणी भूमिका निभा रहा है।


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने