उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने विधान सभा सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। आज यहां विधान भवन में आहूत एक सर्वदलीय बैठक में उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही सदन चलता है। सकारात्मक वातावरण में तार्किक, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण संवाद से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा सकता है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में देश-दुनिया में प्रदेश की छवि बदली है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि संसदीय परम्परा के अनुसार सत्र की शुरुआत कल 09 फरवरी, 2026 को राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी के अभिभाषण से होगी। इस सत्र में आगामी 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया जाएगा। 10 कार्य दिवसों वाला यह बजट सत्र विगत कई वर्षों में सबसे बड़ा सत्र है। इन कार्य दिवसों का बेहतर उपयोग करते हुये राज्यपाल जी के अभिभाषण, बजट तथा अन्य मुद्दां पर सार्थक चर्चा की जायेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘विकसित भारत के विकसित उत्तर प्रदेश’ विजन डॉक्यूमेन्ट/2047 को अन्तिम स्वरूप देने के लिये भी सदन में चर्चा होना आवश्यक है। उत्तर प्रदेश विधान मण्डल देश में सर्वाधिक सार्थक चर्चा का उदाहरण बना है। हमें इस परिपाटी को आगे बढ़ाना पड़ेगा, इससे संसदीय परम्परा को मजबूती मिलेगी। संसदीय परम्परा सुदृढ़ होने से लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री जी ने सत्र के सुचारु संचालन में सत्ता पक्ष के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार विधायिका के मंच का बेहतर उपयोग कर सदस्यां के अमूल्य सुझावों पर विचार करते हुये जनहित से सम्बन्धित कार्यक्रमों को जमीनी धरातल पर उतारने के लिये प्रतिबद्ध है। सभी दलीय नेता विधायिका के मंच के सार्थक उपयोग के प्रति आग्रही हैं। विपक्ष सदन चलाने के प्रति जितना संवेदनशील होगा, सरकार उससे दोगुनी गति से इन सभी कार्यों में सकारात्मक भाव से आगे बढ़ेगी।
संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पक्ष एवं विपक्ष के सहयोग से ही सदन को सुचारु रूप से चलाया जा सकता है। सभी दलों ने सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन में सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। यह एक अच्छी परम्परा है। देश-दुनिया में प्रदेश का परसेप्शन बदला है। उत्तर प्रदेश निवेश का बेहतर व सुरक्षित गन्तव्य बनकर उभरा है।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष समाजवादी पार्टी के श्री माता प्रसाद पाण्डेय, अपना दल (सोनेलाल) के श्री राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के श्री राजपाल बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के श्री ओम प्रकाश राजभर, निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल के श्री रमेश सिंह, भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस की श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’, तथा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के श्री विनोद सरोज ने सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन हेतु अपने-अपने दलों की ओर से पूरा सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद भी उपस्थित थे।
%20(1).jpg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know