थारू विकास परियोजना विशुनपुर विश्राम पचपेड़वा परिसर में रेडक्रास सोसाइटी बलरामपुर के तत्वाधान में एक विशाल मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में कुल 676 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया।
कैंप में आए मरीजों में 238 पुरुष, 206 महिलाएं एवं 202 बच्चे शामिल रहे। स्वास्थ्य टीम द्वारा 26 मरीजों की शुगर (ब्लड शुगर) जांच, 28 मरीजों का ब्लड प्रेशर (बीपी) परीक्षण तथा 76 मरीजों का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि इस प्रकार के मेगा हेल्थ कैंप का उद्देश्य दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जनसामान्य की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कैंप में रेडक्रास सोसाइटी बलरामपुर से अजय मिश्रा, प्रीतपाल सिंह एवं प्रदुम्न सिंह की सक्रिय सहभागिता रही। इसके अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पाण्डेय, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, डॉ विजय कुमार सहित विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी, मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कैंप के सफल आयोजन से क्षेत्रीय लोगों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know