बलरामपुर- उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा जनपद न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में जनपद में दिनांक 22 फरवरी 2026 को मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण यशपाल वर्मा ने बताया कि यह शिविर आमजन, विशेषकर निर्धन, वंचित, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, अनुसूचित जाति/जनजाति, श्रमिक एवं असंगठित क्षेत्र से जुड़े नागरिकों को त्वरित एवं सुलभ न्याय तथा शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविरों में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की मंशा के अनुरूप कानूनी जागरूकता के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
*शिविरों की प्रमुख विशेषताए*
पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं मार्गदर्शन लोक अदालत, मध्यस्थता एवं सुलह से संबंधित जानकारी
महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े कानूनी अधिकारों पर जागरूकता, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, श्रम विवाद, सामाजिक सुरक्षा, भूमि-राजस्व, दुर्घटना एवं बीमा मामलों पर परामर्श,मानव तस्करी, बाल श्रम एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी जानकारी एक मंच पर उपलब्ध होंगी।
मेगा शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिनमें प्रमुख रूप से—
महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्योग, राजस्व, परिवहन, विद्युत, डाक, वन विभाग, खाद्य एवं रसद, जिला प्रोबेशन, पुलिस विभाग, नगर निकाय, आवास एवं शहरी विकास, बैंकिंग एवं बीमा सेवाएं सम्मिलित रहेंगी।
शिविरों की जानकारी आमजन तक पहुँचाने हेतु पम्पलेट, होर्डिंग, बैनर, पोस्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विभिन्न योजनाओं पर आधारित सूचना सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाएं भी होंगी उपलब्ध
मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविरों के दौरान नाक, आंख एवं दांत की सामान्य जांच, दंत चिकित्सा सुविधा तथा ब्लड ग्रुप जांच जैसी स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
*प्रशासनिक समन्वय से होगा आयोजन*
प्रत्येक जनपद में न्यायिक अधिकारियों के पर्यवेक्षण में विभिन्न विभागों के सहयोग से शिविरों का प्रभावी संचालन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक लाभान्वित हो सकें।
जनसामान्य से अपील है कि वे इन शिविरों में उपस्थित होकर अपने कानूनी अधिकारों एवं शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know