महराजगंज।
जनपद महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र में 2 फरवरी से लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह लेजार महदेवा के पास एक पोखर और गेहूं के खेत के किनारे युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान आदित्य चौरसिया निवासी बैकुंठपुर के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, आदित्य चौरसिया 2 फरवरी की शाम बैकुंठपुर में एक दावत में शामिल होने गए थे, लेकिन रात भर घर नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद 4 फरवरी को फरेंदा थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने गेहूं के खेत में शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फरेंदा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव की हालत को देखते हुए मामले को संदिग्ध मौत माना जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव पर बाहरी चोट के निशान पाए गए हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे पुरानी रंजिश या निजी विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने