मुख्यमंत्री ने जनपद वाराणसी में विकास परियोजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

विकास परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाने के निर्देश

विकास परियोजनाओं में प्रगति सुनिश्चित करने के लिए संवाद बनाए जाने की आवश्यकता : मुख्यमंत्री

बाढ़ पीड़ितों को प्राथमिकता पर राहत उपलब्ध करायी जाए, प्रभावितों की बुनियादी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए

यातायात की सुचारु व्यवस्था के उचित प्रबन्धन के साथ पुलिस द्वारा फुट पेट्रोलिंग प्रभावी तरीके से हो, ताकि आपराधिक घटनाओं पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया जा सके

निराश्रित गोवंश तथा आवारा कुत्तों की समस्या का समुचित समाधान सुनिश्चित किया जाए, आवारा कुत्तों के नियंत्रण हेतु नगर निगम, पंचायतीराज तथा पशुपालन विभाग मिलकर उचित कार्यवाही करे

वाराणसी को शीघ्र टी0बी0 मुक्त करने हेतु प्रभावी अभियान चलाया जाए

सड़कों के किनारे ड्रेनेज मानक के अनुसार बनाया जाए, ताकि कोई जल-जमाव की स्थिति न बने, पर्याप्त जल निकासी की व्यवस्था हो

स्टेडियम में अधिकाधिक स्थानीय खिलाड़ियों को मौका मिले, अच्छे कोचों की नियुक्ति हो

बीमार गोवंशों के तुरन्त उपचार का प्रबन्ध किया जाए

राजस्व वादों की तहसीलवार समीक्षा कर समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए

मॉरीशस के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत स्वागत, सुरक्षा आदि से जुड़ी सभी तैयारियों को समय से पूर्ण कर लिया जाए, जिससे काशी से वैश्विक पटल पर अच्छा संदेश जाए

लखनऊ : 29 अगस्त, 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद वाराणसी में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की मॉनीटरिंग उच्चस्तर पर की जाती है, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता कतई नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री जी आज सर्किट हाउस सभागार, वाराणसी में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में प्रगति सुनिश्चित करने के लिए संवाद बनाए जाने की आवश्यकता है। परियोजनाओं की जद में आने वाले व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर उनको समय से समुचित मुआवजा देना सुनिश्चित किया जाए। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा वित्तपोषित पंचायती राज विभाग एवं नगर विकास विभाग के विकास कार्यों के शिलापट्ट में सम्बन्धित जनप्रतिधियों के नाम का भी उल्लेख हो।
मुख्यमंत्री जी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों में पुलिस का भय स्पष्ट दिखना चाहिए। उन्होंने वर्तमान में जनपद में दूसरी बार आयी बाढ़ की स्थिति पर पैनी नजर रखे जाने के निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों को प्राथमिकता पर राहत उपलब्ध करायी जाए। बाढ़ प्रभावितों की बुनियादी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शहर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिये जाने के साथ ही जनपद में निराश्रित गोवंश तथा आवारा कुत्तों की समस्या का भी समुचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। आवारा कुत्तों के नियंत्रण हेतु नगर निगम, पंचायतीराज तथा पशुपालन विभाग मिलकर उचित कार्यवाही करे। स्वास्थ्य विभाग नकारात्मक शिकायतों का संज्ञान लेकर तत्काल कारवाई करे। सरकारी अस्पतालों में घूमने वाले दलालों एवं प्रोफेशनल ब्लड डोनरों को चिन्ह्ति करते हुए उनके खिलाफ ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। वाराणसी को शीघ्र टी0बी0 मुक्त करने हेतु प्रभावी अभियान चलाया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाढ़ राहत के कार्य समय पर हो। बाढ़ से प्रभावित किसानों को मुआवजा वितरण का कार्य तत्काल किया जाए। अण्डर ग्राउण्ड विद्युत केबलिंग के कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए। मानक के अनुरुप ही सीवर लाइन बिछायी जाए। परियोजनाओं के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी अपने निरीक्षण में इसकी मॉनीटरिंग करना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता एवं समय-सीमा का हर हाल में ध्यान रखा जाए। सड़कों के किनारे ड्रेनेज मानक के अनुसार बनाया जाए, ताकि कोई जलजमाव की स्थिति न बने, पर्याप्त जल निकासी की व्यवस्था हो। यह सुनिश्चित किया जाए कि जनपद में विकसित की गयी सुविधाएं आमजन को अवश्य उपलब्ध हों। स्टेडियम में अधिकाधिक स्थानीय खिलाड़ियों को मौका मिले, अच्छे कोचों की नियुक्ति हो। कल्याण मण्डपम् एवं अन्य भवनों को आमजन के उपयोगार्थ सुविधाजनक दर पर आवंटित किया जाए, कोई मनमानी शुल्क वसूली न हो।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वी0डी0ए0 तथा यूपीसीडा द्वारा जिस उद्देश्य के लिये भूमि आवंटित की गयी है, उस पर तय समय में विकास कार्य सुनिश्चित हो, अन्यथा आवंटियों से जुर्माने के साथ वसूली की जाए। समितियों पर खाद की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता हो, कहीं भी खाद की कालाबाजारी न हो। रकबे के सापेक्ष किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। निजी दुकानों पर भी खाद की उचित गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाल वाटिकाओं में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर कार्यक्रम आयोजित किये जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में पर्याप्त सुविधाएं हों। वर्तमान में पशुओं को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा खिलाएं, कहीं भी गंदगी न हो। बीमार गोवंशों के तुरन्त उपचार का प्रबन्ध किया जाए। इसके लिए सम्बन्धित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। राजस्व वादों की तहसीलवार समीक्षा कर समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी कार्यदायी संस्थाओं की जिम्मेदारी तय करते हुए विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए।
विकास प्राधिकरण, नगर निगम तथा जल निगम पब्लिक परसेप्शन बदलने हेतु अपनी कार्य संस्कृति पर ध्यान दें, कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराएं। वी0डी0ए0, नगर निगम, पुलिस तथा प्रशासन मिलकर शहरी क्षेत्रों में वेंडिंग जोनों का निर्धारण करें, ताकि ठेले, पटरी व्यवसायियों को उचित स्थान मिल सके और उनसे कोई अवैध वसूली न करने पाए। उन्होंने ऑटो, टैक्सी स्टैण्ड को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय स्थापित कर कार्य करें जिससे बाद में अनावश्यक तोड़फोड़ एवं खुदाई नहीं करनी पड़े। सभी अधिकारी नियमित रूप से जनसुनवाई के साथ फील्ड विजिट अवश्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि आई0जी0आर0एस0, सी0एम0 हेल्पलाइन आदि पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में और सुधार लाया जाए। अवैध कब्जा करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। यातायात की सुचारु व्यवस्था के उचित प्रबन्धन के साथ पुलिस द्वारा फुट पेट्रोलिंग प्रभावी तरीके से हो, ताकि आपराधिक घटनाओं पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत स्वागत, सुरक्षा आदि से जुड़ी सभी तैयारियों को समय से पूर्ण कर लिया जाए, जिससे काशी से वैश्विक पटल पर अच्छा संदेश जाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी को जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जनपद में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति समेत जनपद में बाढ़ की स्थिति से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री जी को बताया गया कि वर्तमान में 66 बड़ी विकास परियोजनाएं गतिमान हैं, जिनकी कुल लागत लगभग 15,000 करोड़ रुपये है। रिंग रोड फेज-2 का कार्य गतिमान है, जिसे जनवरी, 2026 तक पूरा करा लिया जायेगा। कज्जाकपुरा फ्लाइओवर का कार्य भी नवम्बर, 2025 तक पूरा करा लिया जायेगा।
मण्डलायुक्त द्वारा मुख्यमंत्री जी के समक्ष मण्डल की विकास योजनाओं समेत बाढ़ की स्थिति तथा मॉरीशस के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन के दौरान होने वाले कार्यक्रमों तथा की जाने वाली तैयारियों की पूरी जानकारी प्रस्तुत की गयी। पुलिस कमिश्नर द्वारा जनपद की कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबन्धन समेत विभिन्न पुलिस अभियानों की जानकारियां दी गयीं। डी0आई0जी0 द्वारा जोन के विभिन्न 09 जनपदों में कानून-व्यवस्था, सी0सी0टी0वी0 से निगरानी, पेट्रोलिंग, थानों पर जनसुनवाई, गो-तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान सहित शराब माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई के सम्बन्ध में अवगत कराया गया।
बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री अनिल राजभर, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ’दयालु’ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-------

--

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने