मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आज जनपद प्रतापगढ़वासियों को 570 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उपहार प्राप्त हो रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से जनपद प्रतापगढ़ का आंवला और आंवले से बने उत्पाद आज देश और दुनिया में पहुंच रहे हैं। श्री सोनेलाल पटेल के नाम पर यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। प्रतापगढ़ से देश के सबसे लम्बे एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे का लगभग 42 कि0मी0 का भाग गुजर रहा है, जो यहां के विकास को विशेष गति प्रदान करेगा। अयोध्या से प्रयागराज के मध्य बन रहा 6-लेन हाईवे जनपद के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद प्रतापगढ़ में 570 करोड़ रुपये लागत की 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद इस अवसर पर आयोजित एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। इन विकास परियोजनाओं में 263 करोड़ रुपये से अधिक की 116 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा लगभग 306 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) व मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को रिवॉल्विंग फण्ड की धनराशि का प्रतीकात्मक चेक, आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत आयुष्मान कार्ड, किसानों को टै्रक्टर की प्रतीकात्मक चाभी तथा ओ0डी0ओ0पी0 योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अन्तर्गत बच्चों को लैपटॉप प्रदान किए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद प्रतापगढ़ अपनी पौराणिक और ऐतिहासिक परम्परा के लिए विख्यात है। यहां के अन्नदाता किसान आंवले की खेती को एक नई पहचान देकर लोगों की आरोग्यता बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। जनपदवासियां पर माँ बेल्हा देवी की कृपा बनी रहे। माँ बेल्हा देवी मंदिर के पर्यटन विकास के कार्य गतिमान हैं। जनपदवासी विकास की प्रक्रिया में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रतिबद्ध दिखाई दे रहे हैं।
डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में माफिया, गुण्डों व दंगों की संस्कृति को समाप्त करके ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ जैसी अभिनव योजनाओं को आगे बढ़ा रही है, जिसका प्रतापगढ़ एक अनुपम उदाहरण है। प्रतापगढ़ आंवले व रसमलाई के लिए प्रसिद्ध है। स्थानीय कारीगरों की मेहनत को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री जी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा हमें दी है, ताकि देश का पैसा हमारे कारीगरों, हस्तशिल्पियों आदि के हाथों में जाए। इससे देश समृद्ध होगा और रोजगार का सृजन भी होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत सरकारों के दौर में उत्तर प्रदेश माफियाओं, अपराधियों और दंगाइयों से प्रभावित था। लेकिन विगत 08 वर्षों में वही उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त, दंगा मुक्त, गुण्डागर्दी से मुक्त है। बेटी और व्यापारी सुरक्षित हैं। हर बेटी व व्यापारी की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना’, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से डबल इंजन सरकार बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। अभी हाल ही में सम्पन्न 60,200 से अधिक पुलिस भर्ती में 12,000 से अधिक बेटियां सफल हुई हैं। इनमें प्रतापगढ़ की बेटियां भी सम्मिलित हैं। महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 2,425 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। निराश्रित महिलाओं, वृद्धजन और दिव्यांगजन को बिना भेदभाव पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
प्रदेश में विगत 11 वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में सकारात्मक परिवर्तन आया है। शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक गांव, गरीब, महिला, नौजवान, वंचित सहित समाज के विभिन्न वर्गों को बिना भेदभाव मिल रहा है। योजनाओं का परिणाम है कि आज संतुष्टिकरण का लेवल बढ़ा है तथा सुरक्षा की व्यवस्था पुख्ता होने से व्यापार में भी बढ़ोत्तरी हुई है। अब तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण के माध्यम से सशक्तिकरण की तरफ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं। विगत 08 वर्षों में 06 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने में मदद मिली है।
जनपद प्रतापगढ़ में स्टेडियम निर्माण की कार्ययोजना आगे बढ़ चुकी है। प्रदेश सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचन्द के नाम पर एक खेल विश्वविद्यालय का निर्माण करा रही है। इस खेल विश्वविद्यालय तक जनपद प्रतापगढ़ के युवाओं की पहुंच को आसान करने के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माणाधीन है। आज मेजर ध्यानचन्द की पावन जयन्ती के अवसर पर खेल विश्वविद्यालय का पहला सत्र प्रारम्भ हो चुका है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से ही देश का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार मेजर ध्यानचन्द के नाम पर घोषित किया गया। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि हर मण्डल में एक स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जाए। खेल और खेलकूद की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार निरन्तर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार हर जिला मुख्यालय की नगर पालिका परिषद को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वहां के निवासियों को विकास की विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो। प्रयागराज व श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु व पर्यटकगण माँ बेल्हा देवी का दर्शन पूरी भव्यता से कर सकें, इस दृष्टि से यहां पर विकास की प्रक्रिया को हम आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद प्रतापगढ़ में विभिन्न विकास कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज 263 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 116 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। इसमें बेल्हा देवी मन्दिर के घाट का सौन्दर्यीकरण एवं पर्यटन विकास, लोक निर्माण विभाग की 54 परियोजनाएं, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्रामीण पेयजल योजनाएं, पुलिस लाइन्स में ट्रांजिट हॉस्टल, नगर पंचायतों में कार्यालय भवन, तथा कल्याण मण्डप बनाए गए हैं। समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय चलाकपुर, राजकीय इण्टर कॉलेज दांदूपुर शिवगढ़ तथा राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज खरवई एवं बरहदा और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संग्रामगढ़ में हॉस्टल तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सण्डवां चन्द्रिका में एकेडमिक ब्लॉक का उद्घाटन, विधानसभा पट्टी में 50 बेड का फील्ड हॉस्पिटल का निर्माण, विभिन्न थानों में पुलिस अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रतापगढ़ वासियों को विकास की सौगात को आगे बढ़ाने के लिए लगभग 306 करोड़ रुपये लागत की 70 विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी गयी है। इनमें लोक निर्माण विभाग की 48 परियोजनाएं, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय, नगर पंचायत अंतू में अग्निशमन केन्द्र, नगर पालिका परिषद बेल्हा में कल्याण मण्डप, पुलिस लाइन्स में ट्रांजिट हॉस्टल, पुलिस लाइन्स में साइबर थाना, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की अवस्थापना निधि के विभिन्न कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन विकास कार्यों के माध्यम से हम विकसित भारत की उस परिकल्पना के साथ जुड़ रहे हैं, जिसका संकल्प प्रधानमंत्री जी ने आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में हर भारतवासी को कराया था। यह विकसित भारत के विकसित उत्तर प्रदेश की संकल्पना है। उत्तर प्रदेश तभी विकसित होगा, जब प्रतापगढ़ विकसित होगा। हमारे गांव, नगर निकाय आत्मनिर्भर होंगे। जब हम आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे, तो हमें विकसित होने से दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने माँ बेल्हा देवी धाम में दर्शन-पूजन किया और माँ बेल्हा देवी धाम घाट के सौन्दर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know