सी.एम.एस. में हर्षोल्लास से आयोजित हुआ ‘शिक्षक स्वागत समारोह’
शिक्षकों ने निकाला ‘चरित्र निर्माण मार्च’
लखनऊ, 30 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल द्वारा ‘शिक्षक स्वागत समारोह’ का भव्य आयोजन आज बड़े हर्षोल्लास के साथ सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस आॅडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी एवं सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने विद्यालय के कर्तव्यपरायण शिक्षकों का हार्दिक स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर सी.एम.एस. के पूर्व छात्र व अन्तरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के अन्तर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन के प्रवास का मल्टीमीडिया प्रस्तुतिकरण विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा तो वहीं दूसरी ओर सी.एम.एस. के पूर्व व वर्तमान मेधावी छात्रों को नगद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। नीट व जेईई एडवांस परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सी.एम.एस. छात्रों को एक-एक लाख रूपये के नगद पुरस्कार
से नवाजा गया। इसके अलावा, कैम्ब्रिज प्राइमरी व लोअर सेकेण्डरी एवं कैम्ब्रिज चेकप्वांइट परीक्षा में अपने मेधात्व का परचम लहराने वाले छात्रों को भी मेडल, प्रशस्ति पत्र व आकर्षक उपहारों से खासतौर पर सम्मानित किया गया।
इससे पहले, समारोह के मुख्य अतिथि श्री आलोक रंजन, आई.ए.एस., पूर्व मुख्य सचिव, उ.प्र. ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ‘ए टाॅक आॅफ हैप्पीनेस’ विषय पर सारगर्भित संभाषण देते हुए श्री रंजन ने शिक्षकों का आह्वान किया कि छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ ही जीवन जीने की कला भी सिखायें। श्री रंजन ने कहा कि सात्विकता से ओतप्रोत खुशहाली पीढ़ी ही समाज का नवनिर्माण करेगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित एस.जी.पी.जीआई. के वरिष्ठ चिकित्सक डा. गौरव अग्रवाल ने अपने संबोधन में ‘ब्रेस्ट कैंसर’ पर महिला शिक्षकों को जागरूक किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों व शिक्षकों का हार्दिक स्वागत करते हुए
सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने कहा कि शिक्षकों के माध्यम से ही समाज में रचनात्मक बदलाव आयेगा। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि हम भावी पीढ़ी में जीवन मूल्यों व साँस्कृतिक मूल्यों का समुचित समावेश करें। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि सी.एम.एस. परिवार के लिए यह अत्यन्त हर्ष का विषय है कि हमारे पूर्व छात्र शुभांशु शुक्ला ने अन्तर्राष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन पर पहुँचकर पूरे देश को गर्व से भर दिया है। ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाले शुभांशु भारत के प्रथम नागरिक हैं। प्रो. किंगडन ने छात्रों को क्वालिटी एजुकेशन प्रदान करने के साथ ही उन्हें सामाजिक मुद्दों पर भी जागरूक करने पर जोर दिया। सी.एम.एस. की सुपीरियर प्रिन्सिपल एवं क्वालिटी अश्योरेन्स एवं इनोवेशन डिपार्टमेन्ट की हेड सुश्री सुष्मिता घोष ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय के कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सी.एम.एस. शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत स्कूल प्रार्थना एवं वंदे मातरम की सुमधुर प्रस्तुति से हुआ। इस अवसर पर सी.एम.एस. शिक्षिकाओं ने स्वागत गान, विश्व एकता प्रार्थना, सर्व-धर्म प्रार्थना एवं प्रार्थना नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने सम्पूर्ण आॅडिटोरियम को आध्यात्मिक प्रकाश से आलोकित कर दिया। इसके अलावा, कोरियोग्राफी, वेस्टर्न म्यूजिक, इण्डियन म्यूजिक आदि विभिन्न कार्यक्रमों ने भी खूब तालियां बटोरी।
इससे पहले, आज प्रातः सी.एम.एस. के 3000 से अधिक शिक्षक/शिक्षिकाओं व कार्यकर्ताओं ने विशाल चरित्र निर्माण मार्च निकालकर भावी पीढ़ी के नैतिक, चारित्रिक व आध्यात्मिक उत्थान का अभूतपूर्व अलख जगाया। सी.एम.एस. शिक्षकों का यह विशाल मार्च गोमती नगर विस्तार स्थित मकदूमपुर पुलिस स्टेशन से सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस आॅडिटोरियम तक निकाला गया। मार्च का नेतृत्व सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी,
सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन एवं सी.एम.एस. के सभी कैम्पस की प्रधानाचार्याओं ने किया।




एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know