तैराकी में सी.एम.एस. छात्र ने जीते पाँच सिल्वर मेडल

लखनऊ, 11 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम कैम्पस के प्रतिभाशाली छात्र कृष्ण दुबे ने सीनियर डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग चैम्पियनशिप में पाँच सिल्वर मेडल जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ एमेच्योर एक्वेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम के तरणताल में किया गया। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कृष्ण दुबे ने अपनी अभूतपूर्व तैराकी प्रतिभा का परचम लहराते हुए 1500मी फ्री-स्टाइल, 800मी फ्री-स्टाइल, 200मी बटरफ्लाई, 100मी बटरफ्लाई एवं 400मी इण्डिवजुअल मिडले स्पर्धाओं में पाँच सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। इस तैराकी चैम्पियनशिप में विभिन्न विद्यालयों के चुने हुए छात्रों ने प्रतिभाग किया तथापि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सी.एम.एस. के इस प्रतिभाशाली छात्रों ने अपनी तैराकी प्रतिभा का परचम लहराया है, साथ ही आने वाले समय में राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय पटल पर देश का गौरव बढ़ाने के संकेत दिये हैं। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. भारती गाँधी ने विद्यालय के इस होनहार तैराक के उज्जवल भविष्य की कामना की है। 

श्री खन्ना ने आगे कहा कि सी.एम.एस. छात्र न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में अपितु खेलों व समाज के अन्य बहुतेरे क्षेत्रों में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। सी.एम.एस. अपने छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ उन्हें खेलों व अन्य सामाजिक क्षेत्रों के लिए भी विशेष रूप से तैयार करने में पूरे मनोयोग से संलग्न है।


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने