— हिंदी संवाद न्यूज़ | विशेष रिपोर्ट | 19 मई 2025 | अंबेडकर नगर, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जनपद से एक ऐसी अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने समाज की आत्मा को झकझोर कर रख दिया है। विधवा महिला शोभावती देवी के साथ हुई बर्बरता और फिर पुलिस की लापरवाही ने न केवल पीड़िता को न्याय से वंचित किया, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।
रात के सन्नाटे में टूटा कहर
ग्राम चामुर्खा, पोस्ट कटेहरी, थाना अहिरौली की निवासी शोभावती देवी (पत्नी स्व. भगवानदीन) अपने घर में अकेली रहती हैं। पीड़िता के अनुसार, 15 मई की रात लगभग 12 बजे गांव के ही करन पुत्र बाबूराम, रवि पुत्र बाबूराम और दो अज्ञात युवक नशे में धुत होकर दीवार फांदकर घर में घुस आए।
इन दरिंदों ने पहले महिला को बेरहमी से पीटा, फिर रवि नामक युवक ने उसके साथ अश्लील हरकत की। महिला के चिल्लाने पर आरोपी गालियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। अन्य दो अज्ञात आरोपियों ने ईंट-पत्थर फेंककर घर को भी नुकसान पहुँचाया।
पुलिस प्रशासन बना तमाशबीन?
घटना की सूचना थाने को देने के बावजूद न एफआईआर दर्ज की गई, न मेडिकल जांच कराई गई। पीड़िता को लगातार थाने बुलाकर बैठाया जाता रहा, लेकिन कार्यवाही के नाम पर सिर्फ टाल-मटोल।
इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि उसे धमकाया जा रहा है कि यदि उसने मामले को नहीं छोड़ा तो उल्टा उसे ही किसी फर्जी मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।
एसपी से न्याय की आस
अपनी गुहार लेकर अब पीड़िता ने अंबेडकर नगर के पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपा है, जिसमें उसने न्याय, सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़िता की स्थिति डरी-सहमी, लेकिन उम्मीद लगाए बैठी है कि शायद अब कोई उसे सुन ले।
यह घटना अकेली नहीं — यह संकेत है एक भयावह व्यवस्था का
जब एक विधवा महिला की चीखें भी कानून के गलियारों तक नहीं पहुँचतीं, तो यह लोकतंत्र के लिए एक गहरा संकट है। यह सवाल उठता है कि क्या गरीब और बेसहारा लोगों के लिए न्याय केवल एक किताब में दर्ज शब्द भर है?
हिंदी संवाद न्यूज़ प्रशासन से मांग करता है कि इस मामले में तत्परता से कार्रवाई की जाए, पीड़िता को पूर्ण सुरक्षा मिले, और दोषियों को कठोरतम सज़ा दी जाए।
क्योंकि न्याय तब तक अधूरा है, जब तक सबसे कमजोर की आवाज़ ना सुनी जाए।
हिंदी संवाद न्यूज़। दिल से हिंदी।।
Team Head, Hindi Samvad News
Mo.9455148926
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know