जलालपुर नगर पालिका परिषद को मिले नए अधिशासी अधिकारी, अरविंद कुमार ने संभाला कार्यभार
---
जलालपुर (अम्बेडकर नगर)। नगर पालिका परिषद जलालपुर को लंबे समय के इंतजार के बाद स्थायी अधिशासी अधिकारी मिल गए हैं। भदोही जनपद निवासी अरविंद कुमार ने अधिशासी अधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वे झांसी जनपद में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

नगर पालिका में बीते कुछ समय से अधिशासी अधिकारी का पद रिक्त चल रहा था, जिससे प्रशासनिक और विकास कार्यों पर असर पड़ रहा था। इस दौरान टांडा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आशीष कुमार सिंह को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था, लेकिन नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के चलते स्थायी अधिकारी की तैनाती जरूरी हो गई थी।

पूर्व अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह के लंबी छुट्टी पर जाने के कारण कई विकास परियोजनाएं ठप पड़ी थीं। ऐसे में अरविंद कुमार की नियुक्ति को नगर के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद अरविंद कुमार ने नगर पालिका कार्यालय के कर्मचारियों से मुलाकात की और नगरवासियों को आश्वस्त किया कि लंबित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने साफ-सफाई, जल निकासी और मार्ग प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
नगरवासियों को अब नए अधिशासी अधिकारी से विकास कार्यों में गति आने की उम्मीद है।


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने