मुख्यमंत्री ने सरोजनी नगर आभार दिवस के अवसर पर लखनऊ में
वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
भगवान परशुराम जी एवं स्व0 श्री कल्याण सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण किया
लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर स्वावलम्बन का जीवनयापन
कर सकें, इसके लिए केन्द्र और प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी
के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में लगातार कार्य कर रही : मुख्यमंत्री
यदि कोई जनप्रतिनिधि संवेदनशील हो और वह समर्पित भाव से कार्य करे, तो
वह बहुत कुछ कर सकता, डॉ0 राजेश्वर सिंह ने सरोजनी नगर विधान सभा
को विकास की योजनाओं की सौगात देकर विकास के पथ पर अग्रसर किया
आगामी 25 मार्च को हमारी सरकार के 08 वर्ष पूर्ण होने पर प्रत्येक
जनपद में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी
अगले 02 वर्षों में प्रदेश से गरीबी को पूरी तरह समाप्त करने
की दृष्टि से इस वर्ष के बजट में एक योजना की घोषणा की गई
सनातन धर्म का सबसे बड़ा आयोजन और मानवता का सबसे बड़ा
समागम प्रयागराज महाकुम्भ-2025 ऐसे लोगों के लिए एक सबक बना, जो
जातिवाद की राजनीति को आगे बढ़ाते तथा समाज को बांटने का कार्य करते
महाकुम्भ का एक ही सन्देश, एकता से ही अखण्ड रहेगा यह देश, एकता से
ही सुरक्षित रहेगा यह देश, हमें एकता के इस सन्देश को घर-घर तक पहुंचाना
मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 08 वर्षों में उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य
की श्रेणी से निकलकर प्रगतिशील राज्य बना : वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री
मुख्यमंत्री जी ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़निश्चय से प्रदेश को नयी पहचान
देते हुए इसका भाग्य और भविष्य बदल दिया : विधायक डॉ0 राजेश्वर सिंह
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि संवेदनशील हो और वह समर्पित भाव से कार्य करे, तो वह बहुत कुछ कर सकता है। इसके लिए उन्हें अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर परमार्थ के लिए समर्पित होना होता है, तभी परिणाम आते हैं। जब कोई विधायक धरातल पर उतरकर जनता-जनार्दन की सेवा करे, तो इससे लोकतंत्र भी मजबूत होता है। जब लोकतंत्र मजबूत होगा, तो आमजन को न्याय भी जरूर मिलेगा। 03 वर्ष पहले 10 मार्च, 2022 को सरोजनी नगर की जनता ने डॉ0 राजेश्वर सिंह को अपना विधायक चुना था। डॉ0 राजेश्वर सिंह ने सरोजनी नगर विधान सभा को विकास की योजनाओं की सौगात देकर विकास के पथ पर अग्रसर किया है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां डॉ0 राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में सरोजनी नगर आभार दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 10 तारा शक्ति केन्द्रों तथा रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं सशक्तिकरण केन्द्र, 05 पार्कों में ओपन एयर जिम, सरोजनी नगर तहसील एवं सरोजनी नगर वृद्धाश्रम में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं। उन्होंने 25 मन्दिरों के जीर्णोद्धार, 05 आर0डब्ल्यू0ए0 में पुस्तकालय की स्थापना तथा 15 कॉलेजों/विद्यालयों में स्मार्ट क्लास पैनल की स्थापना के कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री जी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए। भगवान परशुराम जी एवं स्व0 श्री कल्याण सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल, 05 यूथ क्लबों को स्पोर्ट्स किट तथा तारा केन्द्र को 100 सिलाई मशीनों का वितरण किया। उन्होंने सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग की विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
मुख्यमंत्री जी को डॉ0 राजेश्वर सिंह के सहयोग से करतारपुर गुरुद्वारे भेजे गए सिख परिवारों के सदस्यों ने पवित्र गंगा जल व प्रसाद भेंट किया। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने सरोजनी नगर विधान सभा क्षेत्र में डॉ0 राजेश्वर सिंह द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से कराए गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सरोजनी नगर विधान सभा में किए गए विकास कार्यों पर केन्द्रित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 राजेश्वर सिंह सरोजनी नगर विधान सभा की विकास योजनाओं को शासन तक पहुंचाते थे और उनके द्वारा इन योजनाओं की स्वीकृति ली जाती थी। यहां आयोजित प्रदर्शनी में सरोजनी नगर विधान सभा में किए गए कार्यों की झलक देखने को मिली है। ऐसी ही प्रदर्शनी प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में लगायी जानी चाहिए। आगामी 25 मार्च को हमारी सरकार के 08 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उस समय प्रत्येक जनपद में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी। हमें सरोजनी नगर विधान सभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को प्रदेश की हर विधान सभा क्षेत्र के लिए एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए। सभी जनप्रतिनिधियों को इसी प्रतिबद्धता से कार्य करना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आपने बदलते सरोजनी नगर विधान सभा क्षेत्र को देखा है। यहां विकास की बड़ी-बड़ी योजनाएं आ रही हैं। हाई-वे बन रहे हैं, मेट्रो का विस्तार हो रहा है। एयरपोर्ट का विस्तारीकरण हुआ है। एयरो सिटी के रूप में इसकी पहचान हो रही है। सरोजनी नगर विधान सभा क्षेत्र आर्टीफिशियल इण्टेलीजेंस सिटी के साथ ही, इसका सेण्टर बनने वाला है। यहां शीघ्र ही ए0आई0 बेस्ड डाटा सेण्टर का उद्घाटन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरोजनी नगर विधान सभा क्षेत्र के विकास के लिए 32,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं या तो संचालित हैं या लोग उनका लाभ ले रहे हैं। हम सरोजनी नगर में ही 1,200 करोड़ रुपये की लागत से 10,000 लोगों की क्षमता के कन्वेंशन सेण्टर का निर्माण करने जा रहे हैं। डिफेंस कॉरिडोर इसी क्षेत्र में बन रहा है तथा प्रदेश के पहले उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज की स्थापना भी यहीं की गई है। प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा संस्थान एस0जी0पी0जी0आई0 भी सरोजनी नगर विधान सभा क्षेत्र में है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 राजेश्वर सिंह पहले ई0डी0 के एक अधिकारी थे। उनकी छवि एक नौकरशाह की थी। बाद में उन्होंने सरकार से जुड़कर जनता-जनार्दन से अपना संवाद बनाया और तत्परता से उनकी सेवा के लिए समर्पित हुए। डॉ0 राजेश्वर सिंह ने सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाया। अपने स्तर पर भी उन्होंने नये अभिनव प्रयास करते हुए बड़े पैमाने पर बेटियों, महिलाओं, मेधावी छात्र-छात्राओं या समाज के प्रत्येक तबके के लोगों के लिए जिस प्रतिबद्धता से कार्य किया है, इसी भाव से एक योग्य और आदर्श जनप्रतिनिधि को कार्य करना चाहिए। यही समर्पण का भाव जनप्रतिनिधि के मन में रहेगा, तो आमजन में भी लोकतंत्र के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव बनेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास की एक सोच होती है। सनातन धर्म का सबसे बड़ा आयोजन और मानवता का सबसे बड़ा समागम प्रयागराज महाकुम्भ-2025 ऐसे लोगों के लिए एक सबक बना है, जो जातिवाद की राजनीति को आगे बढ़ाते हैं तथा समाज को बांटने का कार्य करते हैं। देश और दुनिया के 66 करोड़ 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगायी। सभी लोग एक साथ, एक घाट पर बिना किसी भेदभाव के स्नान कर रहे थे और पुण्य के भागीदार बन रहे थे। इसी के सम्बन्ध में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की बात की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महाकुम्भ का एक ही सन्देश, एकता से ही अखण्ड रहेगा यह देश, एकता से ही सुरक्षित रहेगा यह देश। हमें एकता के इस सन्देश को घर-घर तक पहुंचाना है। जब देश अखण्ड रहेगा, विकास चारों ओर पहुंचेगा, तब हर चेहरे पर खुशहाली आएगी और भारत विकसित भारत बनेगा। भारत पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करेगा। इस दृष्टि से डॉ0 राजेश्वर सिंह ने एक बड़ा कार्य किया है। उन्होंने महिलाओं को सिलाई मशीनें, युवाओं के स्किल डेवलपमेण्ट के माध्यम से उनकी कैरियर काउंसलिंग करने और उनका प्लेसमेण्ट कराने, मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल या कम्प्यूटर देने, स्पोर्ट्स यूथ क्लब बनाकर उन्हें स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने जैसे अनेक कार्य किए हैं। इसी श्रृंखला में आज का यह सरोजनी नगर संवाद कार्यक्रम रंगभरी एकादशी के दिन आयोजित किया गया है। होली सौहार्द तथा एकता के सूत्र में जोड़ने का पर्व है। यह अपने मतभेदों को भुलाने का भी पर्व है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन तथा 01 करोड़ 04 लाख से अधिक निराश्रित महिला, वृद्धजन एवं दिव्यांगजन को प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की पेंशन की सुविधा दे रही है। प्रदेश के 2.5 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 56 लाख गरीबों को 01-01 आवास उपलब्ध कराया गया है। अगले 02 वर्षों में प्रदेश से गरीबी को पूरी तरह समाप्त करने की दृष्टि से इस वर्ष के बजट में एक योजना की घोषणा की गई है। इसके तहत ऐसे पात्र लोग जिनके पास मकान नहीं होगा, उन्हें मकान, जिनके पास आयुष्मान कार्ड नहीं होगा, उन्हें आयुष्मान कार्ड, जिन्हें पेंशन नहीं मिलती है, उन्हें पेंशन तथा जिनके पास रोजगार नहीं है, उन्हें रोजगार उपलब्ध कराएंगे। लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर स्वावलम्बन का जीवन यापन कर सकें, इसके लिए केन्द्र और प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में लगातार कार्य कर रही है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 08 वर्षों में उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर प्रगतिशील राज्य बना है। प्रदेश का परसेप्शन बदला है। डॉ0 राजेश्वर सिंह के व्यवहार में कर्मठता, बुद्धि और समाज सेवा का अभूतपूर्व संगम देखने को मिलता है। उन्होंने सरोजनी नगर विधान सभा क्षेत्र में 41 विभागों की 4,118 विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारकर हर वर्ग व समाज को लाभान्वित किया है।
डॉ0 राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विगत 08 वर्षों में मुख्यमंत्री जी ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़निश्चय से प्रदेश को नयी पहचान देते हुए इसका भाग्य और भविष्य बदल दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में माफियाराज को ध्वस्त कर रामराज्य की स्थापना की है। आज उत्तर प्रदेश सबसे सुरक्षित राज्य के रूप में स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री जी के कुशल प्रबन्धन से संगम की रेती पर 65 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने सत्य, सनातन धर्म की डुबकी लगायी। यह आयोजन सकुशल सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री कौशल किशोर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, यू0पी0 रेरा अपीलीय ट्रिब्यूनल के सदस्य श्री रामेश्वर सिंह, डॉ0 राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 अमरपाल सिंह तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
-------
.jpeg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know