मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 के पद्म पुरस्कारों के लिए चयनित विभूतियों को हार्दिक बधाई दी

विभिन्न क्षेत्रों में पद्म पुरस्कारों के लिए चयनित विभूतियों ने अपनी उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ाया : मुख्यमंत्री

लखनऊ : 25 जनवरी, 2025

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने वर्ष 2025 के पद्म पुरस्कारों के लिए चयनित विभूतियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों में पद्म पुरस्कारों के लिए चयनित विभूतियों ने अपनी उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश से सम्बन्धित विभूतियों को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा है कि पद्म पुरस्कारों हेतु चयनित इन महानुभावों से सभी को खासतौर पर युवा वर्ग को प्रेरणा मिलेगी। इन सभी ने उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
उत्तर प्रदेश के श्री राम बहादुर राय (साहित्य एवं शिक्षा-पत्रकारिता) तथा साध्वी ऋतम्भरा (सामाजिक कार्य) को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, श्री हृदय नारायण दीक्षित (साहित्य एवं शिक्षा), श्री गणेश्वर शास्त्री द्रविण (साहित्य एवं शिक्षा), श्री सैय्यद ऐनुल हसन (साहित्य एवं शिक्षा), श्री आशुतोष शर्मा (विज्ञान और इंजीनियरिंग), श्री सत्यपाल सिंह (स्पोर्ट्स), श्री श्याम बिहारी अग्रवाल (कला) एवं श्रीमती सोनिया नित्यानन्द (मेडिसिन) को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।
स्व0 श्री नारायण (भुलई भाई) को पब्लिक अफेयर्स के क्षेत्र में मरणोपरान्त पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री जी ने स्व0 श्री नारायण (भुलई भाई) के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मरणोपरान्त पद्म पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले महानुभावों के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने