कटेहरी (अंबेडकरनगर)। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मूसेपुर गिरंट में आई बरात को बिन ब्याह के वापस लौटना पड़ा। नकली आभूषण लाने के चलते नाराज दुल्हन तथा कन्या पक्ष के लोगों ने विवाह से इन्कार कर दिया। दूल्हे पर नशे में भी होने का आरोप लगाया। इसे लेकर काफी देर तक हंगामे का माहौल रहा। काफी मान मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बन सकी।अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मूसेपुर गिरंट निवासी रामसरन की पुत्री आरती की रविवार को शादी थी। आरती इन दिनों गांव में ही पंचायत सहायक के तौर पर कार्यरत है। भीटी थाना क्षेत्र के बसंतपुर वीरापट्टी निवासी भगेलूराम अपने पुत्र सुनील कुमार की बरात लेकर गांव पहुंचे। वहां जलपान व नाश्ते आदि के बाद द्वारपूजा का दौर शुरू हुआ। बराती डीजे की धुन पर खूब थिरके। बरातियों ने भोजन भी किया। इसके बाद जयमाल का कार्यक्रम हुआ। इसमें दोनों पक्षों के लोगों ने कन्या व वर को आशीर्वाद दिया।अब समय था विवाह की रस्म पूरी करने का। डाल पूजा के समय वर पक्ष द्वारा लाए गए गहनों को देखकर कन्या पक्ष के लोग भड़क उठे। दुल्हन भी नाराज हो गई। सबका कहना था कि आभूषण में नथिया नकली है। इस पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ा तो किसी ने डायल 112 पर जानकारी दी। कुछ देर में पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी।इसी बीच कन्या पक्ष के लोगों ने दूल्हे पर शराब पीने का भी आरोप लगाया। थोड़ी देर बाद दुल्हन बनीं पंचायत सहायक आरती ने विवाह से ही इन्कार कर दिया। पूरी रात मान मनौव्वल का दौर चला लेकिन बात नहीं बन सकी। सोमवार सुबह दोनों पक्ष के लोग श्रवणक्षेत्र पुलिस चौकी पर पहुंचे, यहां भी बात नहीं बनी। इस पर वर पक्ष को बगैर शादी के ही लौटना पड़ा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने