मुख्यमंत्री ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उ0प्र0 के प्रथम मुख्यमंत्री तथा भारत के पूर्व गृह मंत्री भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की पुण्य तिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी

पं0 गोविन्द बल्लभ पंत ने उ0प्र0 के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश के विकास की आधारशिला रखी: मुख्यमंत्री

पंत जी ने राजभाषा हिंदी को सम्मान दिलाने का कार्य किया


लखनऊ: 07 मार्च, 2024

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री तथा भारत के पूर्व गृह मंत्री भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की पुण्य तिथि पर आज यहां लोक भवन स्थित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री तथा देश के पूर्व गृहमंत्री श्रद्धेय गोविन्द बल्लभ पंत जी की आज पावन पुण्यतिथि है। पंत जी ने गांधी जी द्वारा देश की आजादी के लिए समय-समय पर चलाए गए आन्दोलनों में अग्रणी भूमिका का निर्वहन किया। स्वतंत्र भारत में और देश के प्रथम चुनाव के उपरान्त उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में पं0 गोविन्द बल्लभ पंत ने प्रदेश के विकास की आधारशिला रखी। इसके पूर्व भी उन्होंने वर्ष 1937 में संयुक्त प्रांत के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी अमूल्य सेवाएं प्रदेशवासियों को प्रदान करते हुए आजादी के आंदोलन में सक्रिय भूमिका को बनाए रखा।
पं0 गोविंद बल्लभ पंत जी को देश के गृहमंत्री पद का दायित्व दिया गया था। उन्होंने वर्ष 1955 से 1961 तक देश के गृहमंत्री के रूप में अपनी अमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने राजभाषा हिंदी को सम्मान दिलाने का कार्य किया। देश के प्रति पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी की सेवाओं के लिए वर्ष 1957 में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। पं0 गोविन्द बल्लभ पंत ने भारत की संविधान सभा के महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं। 07 मार्च, 1961 को उनका भौतिक देहावसान हुआ।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व श्री ब्रजेश पाठक, विधान परिषद सदस्य श्री भूपेन्द्र सिंह, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह व सूचना श्री संजय प्रसाद, निदेशक सूचना श्री शिशिर सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने