राजकुमार गुप्ता
मथुरा।।
वृन्दावन।गोविंद घाट स्थित अखिल भारतीय निर्मोही बड़ा अखाड़ा श्रीहित रासमंडल में होली महोत्सव श्रीमहंत श्रीहित लाड़िली शरण महाराज के पावन सानिध्य में अत्यंत श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ।महोत्सव के अंतर्गत श्रीजी मंदिर का अत्यंत नयनाभिराम व चित्ताकर्षक श्रृंगार किया गया।साथ ही उन्हें 56 भोग निवेदित किए गए। तत्पश्चात मंगल बधाई समाज गायन हुआ।बरसाना के प्रख्यात रासाचार्य स्वामी कन्हैया लाल शर्मा की रासमंडली के द्वारा होली लीला का मनोहारी मंचन किया गया।जिसमें ठाकुर स्वरूपों के द्वारा लठामार व फूलों की होली खेली गई।
श्रीहित रासमंडल के महंत श्रीहित लाड़िली शरण महाराज ने कहा कि होली ब्रज का प्रमुख पर्व है।इस होली का आनंद स्वयं योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण एवं रससाम्राज्ञी श्रीराधा रानी ने भी समस्त ब्रजगोपिकाओं के साथ लिया था।उसी परम्परा का निर्वाह हमारे सदगुरुदेव निकुंज लीला प्रविष्ट महंत माखनचोर दास महाराज के समय से श्रीहित रासमंडल पर प्रतिवर्ष किया जाता है।
होली महोत्सव में महंत दंपतिशरण काका महाराज, संत सेवक शरण महाराज,महंत पुरुषोत्तम पुजारी महाराज, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गोपाल चतुर्वेदी, संत रसिक माधवदास महाराज, रासाचार्य देवेंद्र वशिष्ठ, डॉ. चंद्रप्रकाश शर्मा, पंडित राधावल्लभ वशिष्ठ,वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर दिनेश सिंह तरकर, प्रियावल्लभ वशिष्ठ, डॉ. राधाकांत शर्मा, इन्द्र शर्मा, लालू शर्मा आदि की उपस्थिति विशेष रही।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने