विधान सभा अध्यक्ष ने मानसून सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया

कोविड जैसी महामारी से उबरकर प्रदेश के विकास के लिए समग्र योजना की दृष्टि से यह सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री

प्रदेश सरकार राज्य से जुड़े जनकल्याण के सभी मुद्दों तथा विकास पर चर्चा के लिए तैयार

सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन हेतु सभी दलों के सहयोग का आश्वासन


लखनऊ: 18 सितम्बर, 2022


उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने विधान सभा के मानसून सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। आज यहां विधान भवन में आहूत एक सर्वदलीय बैठक में उन्होंने कहा की सभी के सहयोग से ही सदन चलता है। तार्किक, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापरक संवाद से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ जी ने सत्र के सुचारु संचालन में सत्ता पक्ष के पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सदन जनाकांक्षाओं को रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी दल मिलकर सकारात्मक वातावरण सदन में बनाते हैं तो अच्छा संदेश लोगों में जाता है और लोकतंत्र मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोविड जैसी महामारी से उबरकर प्रदेश के विकास के लिए समग्र योजना की दृष्टि से यह मानसून सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। प्रदेश सरकार राज्य से जुड़े जनकल्याण के सभी मुद्दों तथा विकास पर चर्चा के लिए तैयार है। संसदीय परंपराओं का पालन करते हुए सभी माननीय सदस्यों को अपने सुझावों एवं मुद्दों को सदन में रखना चाहिए। उन्होंने कहा की विधान भवन में सभी सदस्यों के हेल्थ चेकअप की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा की पक्ष और विपक्ष के सहयोग से ही सदन को सुचारु रूप से चलाया जा सकता है।
बैठक में समाजवादी पार्टी के श्री मनोज कुमार पांडेय, अपना दल (सोनेलाल) के श्री राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के श्री राजपाल सिंह बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के श्री बेदी, निर्बल इंडियन शोषित हमारा अपना दल के श्री अनिल कुमार त्रिपाठी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के श्री विनोद सरोज तथा बहुजन समाज पार्टी के श्री उमाशंकर सिंह ने अपने-अपने दलों की ओर से पूरा सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने