*अलग-अलग चार दुर्घटनाओं में एक की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल*

बलरामपुर। संवाददाता


17 घंटे के बीच चार मार्ग दुर्घटनाएं हुई हैं, जिसमें एक बाइक सवार की मौत हुई है। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पहली दुर्घटना शुक्रवार रात लगभग नौ बजे कोतवाली नगर अन्तर्गत भगवतीगंज बाजार में हुई। कौवापुर बाजार निवासी 32 वर्षीय वीरेन्द्र कुमार पांडेय पुत्र प्रेम कुमार पांडेय प्राइवेट कंपनी के टावर पर डीजल सप्लाई का काम करते थे। वह रात में बाइक से घर लौट रहे थे। पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। ट्रक का अगला पहिया वीरेन्द्र के सिर पर चढ़ गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दूबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरी दुर्घटना तुलसीपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत हर्रैया मार्ग स्थित ओड़ाझार खुर्द गांव के निकट शनिवार दोपहर 12 बजे हुई। अनियंत्रित पिकअप सड़क से उतरकर गड्ढे में पलट गई। पिकअप चालक बरदहवा निवासी 35 वर्षीय गब्बर व बैठे यात्री सहियापुर निवासी महादेव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य तुलसीपुर ले जाया गया। तीसरी दुर्घटना गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत बौद्ध परिपथ स्थित मटेहना गांव के निकट शनिवार दोपहर सवा 12 बजे हुई। सड़क पटरी पर एक ट्रक खड़ा था। अपनी दादी के साथ बाइक से घर जा रहे बेमिहा निवासी शमशेर ट्रक से भिड़ गए। दोनों को गंभीर चोंटे आई हैं। चौथी दुर्घटना थाना रेहरा बाजार अन्तर्गत उतरौला मार्ग स्थित त्रिमुहानी गांव के निकट शनिवार दोपहर दो बजे हुई। रूधौली बुजुर्ग निवासी 50 वर्षीय राजमन सिंह सड़क पटरी पर बाइक रोककर खड़े थे। अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें ठोकर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
हिन्दीसंवाद न्यूज़
बलरामपुर

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने