बलरामपुर- जिले के सादुल्लानगर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मेहंदी हसन (पुत्र मोहम्मद हुसैन, निवासी ग्राम जाफरपुर, थाना सादुल्लानगर) ने अपने, अपनी पत्नी और माता-पिता के नाम में कूटरचना (फर्जीवाड़ा) की थी। इसके साथ ही, जन्मतिथि में अंतर और पता बदलकर गैर-कानूनी तरीके से पहले दो पासपोर्ट जारी करवा लिए थे।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ उप-निरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा इसकी गहन जांच की गई। जांच में फर्जीवाड़ा साबित होने पर दी गई तहरीर के आधार पर सादुल्लानगर थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जालसाजी के इस मामले में आरोपी मेहंदी हसन को जाफरपुर मोड़ से धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय रवाना कर दिया गया है।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know