कैप्टन राजश्री को मेजर पद पर पदोन्नति, कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल  ने मेजर राजश्री की उपलब्धि को महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायी उदाहरण बताया

लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU), लखनऊ में कैप्टन राजश्री के मेजर पद पर पदोन्नत होने के उपलक्ष्य में भव्य रैंक पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। 20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विशाल मेंदीरत्ता मुख्य अतिथि तथा डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. विक्टर बाबू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में प्रो. राज कुमार मित्तल, कर्नल विशाल मेंदीरत्ता एवं डॉ. रवि प्रकाश पांडेय द्वारा कैप्टन राजश्री को मेजर पद के रैंक बैज प्रदान किए गए। यह उपलब्धि उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का परिचायक है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने मेजर राजश्री को बधाई देते हुए कहा कि “मेजर राजश्री की यह उपलब्धि अनुशासन, समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। भारतीय सशस्त्र बलों एवं एनसीसी में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की छात्राओं एवं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण युवाओं को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा।”

कुलपति ने एनसीसी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने मेजर राजश्री के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं उत्कृष्टता के साथ करेंगी।

समारोह में विश्वविद्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. आर. ए. खान, पूर्व डीन एसईईएस प्रो. नवीन अरोड़ा, डीन एसआईएसटी प्रो. शिल्पी वर्मा, लेफ्टिनेंट मनोज कुमार धडवाल, डॉ. अलका, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. सिद्धार्थ शंकर राय, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी, सूबेदार मेजर ओम प्रकाश एवं सुखविंदर सिंह उपस्थित रहे।

मेजर राजश्री के परिवारजनों की उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया। इस अवसर पर उनके पिता सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. नागेश्वर प्रसाद, चाचा सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी श्री सुखद राम पांडेय, पति डॉ. रवि प्रकाश पांडेय (डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या) तथा पुत्री गार्गी श्री पांडेय उपस्थित रहे। परिवारजनों ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमामय मंच संचालन डॉ. रेनू पांडेय ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से समारोह के विभिन्न चरणों का सुव्यवस्थित संचालन किया तथा मेजर राजश्री की उपलब्धि को अनुशासन, नारी सशक्तिकरण एवं राष्ट्रसेवा का प्रतीक बताया।

समारोह में एनसीसी कैडेट्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (DIT) के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम ने सैन्य अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों को रेखांकित किया।

कैप्टन राजश्री की मेजर पद पर पदोन्नति विश्वविद्यालय एवं एनसीसी परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। समारोह का समापन सभी अतिथियों, परिवारजनों, एनसीसी अधिकारियों, कैडेट्स एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ।

 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने