बलरामपुर- आगामी शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का भाव जगाने के लिए बलरामपुर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
​पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली गैसड़ी राजकुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र में भव्य फ्लैग मार्च (एरिया डोमिनेशन) निकाला।
​*प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में गूंजा सुरक्षा का संदेश*
​यह फ्लैग मार्च थाना कोतवाली गैसड़ी परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार गैसड़ी, विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के समीप, मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड तथा रेलवे स्टेशन रोड होते हुए वापस थाना परिसर में संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च के दौरान महिला पुलिस कर्मियों सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
​आमजन और व्यापारियों से संवाद
​फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए। अधिकारियों ने सभी से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही, माहौल खराब करने वाले शरारती तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
​*फ्लैग मार्च के प्रमुख उद्देश्य*
​सुरक्षा का अहसास: आम जनमानस, विशेषकर व्यापारियों, महिलाओं एवं श्रद्धालुओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना।
​*अराजक तत्वों पर नकेल* हुड़दंगियों और संदिग्ध व्यक्तियों में कानून का भय कायम करना।
​पंडालों का जायजा: पूजा पंडालों और मेला स्थलों का भौतिक सत्यापन व जायजा लेना।
​भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखना।
​ड्रोन और सोशल मीडिया सेल से रखी जाएगी पैनी नजर
​त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात रहेगा। मेले व जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें या भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर साइबर/सोशल मीडिया सेल द्वारा निरंतर नजर रखी जा रही है।
​पुलिस अधीक्षक बलरामपुर की जनता से अपील:
एसपी बलरामपुर ने जनपदवासियों से अपील की है कि नवरात्रि पर्व को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें या आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।    
            

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने