बलरामपुर - आगामी नवरात्रि, श्रीदुर्गा पूजा, श्रीरामलीला एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को एमएलके पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने किया।
बैठक में विभिन्न दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के अध्यक्ष, महामंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान नगर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा, जुलूस एवं शोभायात्रा के मार्ग, रामलीला व दुर्गा पूजा स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति पदाधिकारियों से उनकी समस्याएं एवं सुझाव लिए गए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राज कुमार श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि उदासीन संगत गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महाराज एवं सदर विधायक पल्टूराम रहे। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश मिश्रा, डॉ. कौशल्या गुप्ता, रासविहारी शुक्ल, हरिवंश सिंह, डॉ. कुलदीप विश्वकर्मा, प्रीत पाल सिंह, रामनरेश त्रिपाठी, लड्डू सिंह, विजय अग्रवाल, सुनील गुप्ता, डॉ. तुलसीश दुबे, डॉ. देवेश श्रीवास्तव, डीपी सिंह वैस सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सभासद एवं समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन संजय शुक्ला ने किया।
*पर्व हमारी आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक : पल्टूराम*
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा, श्रीरामलीला एवं दशहरा हमारे धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने आयोजन समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए शासन-प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।
*व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी : डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’*
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर में पर्वों को लेकर नगर पालिका द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी। पूजा पंडालों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका संबंधित विभागों एवं आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगी। उन्होंने सभी समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं मर्यादित ढंग से आयोजन कराने की अपील की।
*डॉ. ‘धीरू’ ने कहा कि बलरामपुर की पहचान आपसी भाईचारे, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द से है* सभी पर्व एवं धार्मिक आयोजन इसी भावना के साथ संपन्न हों, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर पालिका की ओर से पर्वों को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में समिति पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने आवश्यक बिंदुओं पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना रहा।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know