जनपद बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्रमिकों एवं कार्मिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें शासन की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को चीनी मिल परिसर, तुलसीपुर में श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में श्रम विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा कार्मिकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान कुल 150 कार्मिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ब्लड शुगर, ब्लड जांच, ब्लड प्रेशर, आंखों की जांच सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत कार्मिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया।
शिविर के माध्यम से कार्मिकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से विभिन्न बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव होती है, जिससे समय रहते उचित उपचार प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) के अंतर्गत संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। श्रमिकों को बोर्ड में पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया के साथ पात्रता के अनुसार उपलब्ध विभिन्न लाभों के बारे में जागरूक किया गया।
श्रमिकों को शैक्षिक सहायता, चिकित्सा सहायता, मातृत्व एवं बालक-बालिका से संबंधित सहायता, आवास सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र श्रमिकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने की अपील की गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं अभिलेखों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
श्रम विभाग द्वारा बताया गया कि पात्र निर्माण श्रमिक BOCW कल्याण बोर्ड में अपना पंजीयन कराकर शासन द्वारा उनके एवं उनके परिवार के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर श्रमिकों एवं कार्मिकों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं औषधि वितरण की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित यह शिविर श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण एवं कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
श्रम विभाग, द्वारा श्रमिक हित में इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know